Raigarh News: महिला की अधजली लाश मिली, पहचान छिपाने के लिए चेहरा जलाया, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड, जांच में जुटी पुलिस
Raigarh News: महिला की अधजली लाश मिली, पहचान छिपाने के लिए चेहरा जलाया, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड, जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़। रायगढ़ जिले में महिला की अधजली लाश मिली है। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या कर पहचान छिपाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली कि तमनार चौक से तमनार जाने वाले रास्ते पर क्रेशर के पास पगडंडी रास्ते में महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का लगा रहा है। महिला की उम्र लगभग 40 से 45 साल के बीच बताई जा रही है। आशंका है कि उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को जलाया गया है।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड
पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या कर शव को जलाया गया हो सकता है, ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जबकि महिला के कपड़े आग में लगभग जल चुके थे।
पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि महिला की पहचान के लिए आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है, ताकि शिनाख्त की जा सके। फिलहाल पूंजीपथरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।