CG: NH पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई पिकअप, 1 महिला की मौत, दूसरे का हाथ कटकर अलग, 10 घायल, इलाज जारी
CG: NH पर खड़े ट्रैक्टर से टकराई पिकअप, 1 महिला की मौत, दूसरे का हाथ कटकर अलग, 10 घायल, इलाज जारी
अंबिकापुर। मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर रामगढ़ से लौटने के दौरान पिकअप सवार ग्रामीण महिला-पुरुष रविवार की रात बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाइवे पर सडक़ हादसे (Road accident) का शिकार हो गए। तेज रफ्तार पिकअप सडक़ पर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 12 महिला-पुरुष घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां सोमवार की सुबह एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक महिला का हाथ कटकर अलग हो गया था, उसे डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया है। अन्य 10 घायलों का यहां इलाज जारी है। हादसे से मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
सूरजुपर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंवरा निवासी हिमालय के बेटे का रविवार को मुंडन संस्कार कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने उसके रिश्तेदार समेत गांव के लोग 2 पिकअप में सवार होकर सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ पहाड़ स्थित मंदिर गए थे। यहां मुंडन संस्कार कार्यक्रम संपन्न हुआ।
शाम को सभी वहां से घर लौट रहे थे। इसी बीच रात करीब साढ़े 7 बजे पिकअप क्रमांक सीजी 15 एसी- 3138 बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर अंबिकापुर से करीब 10 किलोमीटर पहले मेंड्राकला के पास सडक़ पर खड़े मिट्टी लोड ट्रैक्टर से जा टकराई।
हादसे में पिकअप में सवार 12 महिला-पुरुष व बच्चे घायल हो गए। इनमें बुुजुर्ग महिला प्रासदी राजवाड़े पति स्व. कृ़पाल गंभीर रूप से घायल थी, जबकि उषा राजवाड़े का हाथ कंधे के पास से कटकर (Hand cut in road accident) अलग हो गया था।
पुलिस ले गई अस्पताल, बुजुर्ग महिला की मौत
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान महिला प्रासदी राजवाड़े की सोमवार की सुबह मौत (Woman died in road accident) हो गई, जबकि उषा राजवाड़े की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज यहां जारी है।
मातम में बदलीं खुशियां
हादसे में महिला की मौत व अन्य घायल हैं। इससे मुंडन संस्कार की खुशियां मातम में बदल गईं। यह खबर जब केवरा गांव में पहुंची तो वहां भी मातम पसर गया। इधर पीएम पश्चात पुलिस ने महिला का शव परिजन को सौंप दिया है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।