Raigarh News: मलेरिया मुक्त रायगढ़ के संकल्प को मिलेगी नई गति, जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, मलेरिया रोधी माह जून के तहत गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान

2030 तक छत्तीसगढ़ को मलेरिया मुक्त बनाने का लक्ष्य, संदिग्ध मरीजों की जांच पर विशेष जोर
रायगढ़, 10 जून 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार मलेरिया रोधी माह जून-2026 के अंतर्गत कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायगढ़ के सभाकक्ष में एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.टी.जी. कुलवेदी ने जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मलेरिया नियंत्रण एवं रोकथाम संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकासखंडों में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठक आयोजित करने तथा बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार माध्यमों से जन-जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। डॉ. कुलवेदी ने निर्देश दिए कि मलेरिया रोधी माह के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर हेल्थ कैम्प, नारा लेखन, बैनर-पोस्टर प्रदर्शन तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि लोगों को मलेरिया से बचाव एवं उपचार संबंधी जानकारी मिल सके। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में छत्तीसगढ़ सहित रायगढ़ जिले में मलेरिया के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जिले के सात विकासखंडों में से चार अति संवेदनशील विकासखंडों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों को मलेरिया संदिग्ध मरीजों की समय पर जांच करने, पॉजिटिव पाए जाने पर तत्काल उपचार शुरू करने तथा नियमित फॉलोअप एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. कुलवेदी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सतत प्रयासों और आमजन के सहयोग से रायगढ़ को जल्द ही मलेरिया मुक्त जिला घोषित किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य शासन का लक्ष्य वर्ष 2030 तक छत्तीसगढ़ को मलेरिया मुक्त राज्य के रूप में स्थापित करना है। बैठक में प्रभारी सलाहकार गौतम प्रसाद सिदार, एफएलए प्रीति शर्मा, सचिवीय सहायक अंजूलता पटनायक सहित जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






