छत्तीसगढ़ में जून माह की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ, अगले तीन दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ June 2, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
छत्तीसगढ़ में जून माह की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ, अगले तीन दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में जून माह की शुरुआत सुहावने मौसम के साथ, अगले तीन दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश के आसार

रायपुर. छत्तीसगढ़ में जून महीने का आगाज मौसम के बदले हुए मिजाज के साथ हुआ है। पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश और तेज हवाओं के असर से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म हवाओं पर रोक लगी है, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को अधिकतम तापमान में करीब दो से चार डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव का असर दिन और रात दोनों समय महसूस किया गया। जहां दिन में गर्मी का असर अपेक्षाकृत कम रहा, वहीं रात के समय उमस में भी कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मई के अंतिम सप्ताह में सक्रिय हुई बारिश और अंधड़ की गतिविधियों का असर जून के शुरुआती दिनों में भी देखने को मिलेगा, जिससे फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी।
बीते 24 घंटों के दौरान गरियाबंद, बस्तर और सूरजपुर जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन दोपहर बाद आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके साथ ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत भी हैं।
 

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

खबर शेयर करें: