छत्तीसगढ़

ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही 3 करोड़ की गांजे की खेप, महासमुंद बॉर्डर पर तस्कर गिरफ्तार 

 

महासमुंद।  कंपनी के मशीनरी सामान से भरे ट्रक के भीतर करोड़ों रुपये का नशा छिपाकर महाराष्ट्र पहुंचाने की तैयारी थी, लेकिन महासमुंद पुलिस की सतर्कता ने तस्करों का पूरा खेल रास्ते में ही बिगाड़ दिया। थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के मुरमुरी चौक में पुलिस ने एक टाटा माजदा वाहन से 600 किलो गांजा बरामद कर अंतरराज्यीय तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन, मोबाइल और नगदी समेत कुल 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है। ओडिशा से महाराष्ट्र तक नशे की खेप पहुंचाने के लिए तस्करों ने ऐसा जाल बिछाया था कि पहली नजर में किसी को शक भी न हो। बड़े-बड़े कार्टूनों और कंपनी के मशीनरी सामान के नीचे व पीछे 24 प्लास्टिक बोरियों में गांजा छिपाया गया था। ऊपर से पूरे माल को काले रंग के त्रिपाल से ढंककर पुलिस की नजरों से बचाने की कोशिश की गई थी।

महासमुंद पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल रंग की टाटा माजदा वाहन क्रमांक MH-46 CU-6060 में अवैध गांजा लेकर एक व्यक्ति महाराष्ट्र की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही मुरमुरी चौक में घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन पहुंचा और पुलिस ने उसे रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम महबूब बादशाह शेख पिता स्वर्गीय अब्बास मियां साबू इमाम शेख, उम्र 65 वर्ष, निवासी कोलेख कुरलावाली चौल, साईबाबा मंदिर के पास, संजय नगर, अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) बताया। तलाशी के दौरान कंपनी के सामान के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गई 24 बोरियों से कुल 600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह गांजा ओडिशा के बौद्ध जिले से लिया था और उसे ठाणे, महाराष्ट्र ले जाकर खपाने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा, 12 लाख रुपये कीमत का टाटा माजदा वाहन, 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नगद जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने की। गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस पहले भी एम्बुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स, फल और खाद्य सामग्री से लदे ट्रकों, ट्रेवल्स वाहनों तथा गुप्त चैंबर बनाकर की जा रही गांजा तस्करी के कई तरीकों का भंडाफोड़ कर चुकी है। बहरहाल, 600 किलो गांजे की यह बड़ी खेप पकड़कर महासमुंद पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि नशे के सौदागर चाहे जितनी चालाकी दिखाएं, कानून की नजर से बच पाना अब आसान नहीं है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button