नौतपा के बीच मेहरबान हुआ मौसम, बारिश से घटी तपिश; कई जिलों में चेतावनी

छत्तीसगढ़ May 30, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
नौतपा के बीच मेहरबान हुआ मौसम, बारिश से घटी तपिश; कई जिलों में चेतावनी

नौतपा के बीच मेहरबान हुआ मौसम, बारिश से घटी तपिश; कई जिलों में चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के उत्तर और दक्षिणी हिस्सों में हुई बारिश ने लोगों को राहत पहुंचाई है, जबकि कई इलाकों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ अभी भी तेज गर्मी की चपेट में है और राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने और विभिन्न मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला है। शुक्रवार को सुकमा में सबसे अधिक 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं जगदलपुर, दरभा और तोंगपाल में 3 सेंटीमीटर, तोकापाल में 2 सेंटीमीटर तथा अंबिकापुर, कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा और सरगुजा में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य पाकिस्तान से ओडिशा तक फैली द्रोणिका, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सक्रिय बना रहेगा। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
 

मौसम विभाग ने रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, मेघगर्जन और बारिश होने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में भी शनिवार को मौसम बदला-बदला रह सकता है। शहर में आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

खबर शेयर करें: