CG News: इंस्टाग्राम रील के चक्कर में पहुंचे जेल: चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटना और पटाखा फोड़ना पड़ा भारी, बिलासपुर पुलिस का कड़ा एक्शन

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के चक्कर में युवा किस कदर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं, इसकी एक बानगी बिलासपुर में देखने को मिली है। यहाँ रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर एक चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटने और पटाखे जलाकर आतिशबाजी करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। वीडियो के सामने आते ही बिलासपुर की कोनी थाना पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए हुड़दंग मचाने वाले वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसकी काली स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है।
पूरी घटना 24 मई की रात की बताई जा रही है। बिलासपुर के कुदुदंड का रहने वाला 31 वर्षीय आरोपी अरविंद सैनी अपनी एक महिला मित्र के साथ काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार था। अपनी महिला मित्र को प्रभावित करने और इंस्टाग्राम के लिए रील बनाने के चक्कर में अरविंद ने यातायात नियमों की सारी हदें पार कर दीं। उसने रतनपुर-रायपुर सर्विस रोड पर तेज और लापरवाही पूर्वक चलती गाड़ी के ऊपर केक रखकर काटा और बीच सड़क पर ही पटाखे जलाकर आतिशबाजी की।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया। कोनी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 को ट्रैक किया और उसे पकड़कर थाने ले आई। पुलिस की पूछताछ में आरोपी चालक अरविंद सैनी ने अपनी गलती और यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार कर लिया है।
कोनी थाना पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग और सड़क पर हुड़दंग मचाने के आरोप में वाहन चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ विधिवत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़कों को स्टंट और रील बनाने का अखाड़ा न बनाएं, वरना सख्त दंडात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






