नौतपा के बीच बदला मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत: छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का असर, कई जिलों में अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ May 29, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
नौतपा के बीच बदला मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत: छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का असर, कई जिलों में अलर्ट जारी

नौतपा के बीच बदला मौसम, गर्मी से मिलेगी राहत: छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश का असर, कई जिलों में अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है। प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिला है। अंबिकापुर और सूरजपुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने रायपुर सहित कई जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। तेज आंधी, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, राजनांदगांव, बेमेतरा, धमतरी, कांकेर, गरियाबंद और अन्य जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन कुछ इलाकों में लू का असर बना रहा। अब बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय सिस्टम के सक्रिय होने से मौसम बदल रहा है, जिससे अगले 24 घंटों में तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

खबर शेयर करें: