Chhattisgarh News: इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की होगी जांच,

छत्तीसगढ़ May 25, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Chhattisgarh News: इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट, रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की होगी जांच,

FILE PHOTO

रायपुर. कोरोना महामारी के बाद अब इबोला वायरस को लेकर दुनिया भर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अफ्रीकी देशों में तेजी से फैल रहे संक्रमण को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने इबोला संक्रमण की रोकथाम और संभावित खतरे से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।

 स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया आदेश
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में रायपुर एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू करने कहा गया है। साथ ही संदिग्ध मरीजों की पहचान कर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने और जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एयरपोर्ट पर तैनात होंगे नोडल अधिकारी
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं के अंतर्गत एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) द्वारा जारी पत्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर को एयरपोर्ट परिसर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अधिकारी एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग और संदिग्ध मामलों की मॉनिटरिंग का समन्वय करेगा।

निर्देशों में कहा गया है कि विदेशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाए और यदि किसी यात्री में संक्रमण जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत आवश्यक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल अपनाए जाएं।

आइसोलेशन और इमरजेंसी व्यवस्था रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को आइसोलेशन, रेफरल और आपातकालीन प्रबंधन की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी जरूरी संसाधन और मेडिकल टीम तैयार रहनी चाहिए। इसके अलावा स्वास्थ्य अधिकारियों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने और निगरानी तंत्र को मजबूत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कांगो और युगांडा में बढ़े मामले, दुनिया भर में सतर्कता
जानकारी के अनुसार कांगो और युगांडा में इबोला संक्रमण के मामलों में तेजी आने के बाद विश्व स्तर पर चिंता बढ़ गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) पहले ही इबोला को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर चुका है। इसी को देखते हुए भारत सहित कई देशों में एयरपोर्ट और स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।

विशेषज्ञों के अनुसार इबोला वायरस एक गंभीर और जानलेवा संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में समय रहते सतर्कता और निगरानी बेहद जरूरी मानी जा रही है।

खबर शेयर करें: