छत्तीसगढ़ में 4 दिन में 5°C तक बढ़ेगा तापमान, 4 जिलों में येलो अलर्ट, 40 किमी रफ्तार से हवा चलेगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की है। गरियाबंद, धमतरी, बस्तर और कोंडागांव जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस हल्की बारिश से तापमान में कोई बड़ी राहत नहीं मिलेगी। अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे आने वाले दिनों में लोगों को और ज्यादा झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
पिछले 24 घंटे में बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में दिन के समय गर्मी और उमस रहेगी। अधिकतम तापमान 41.3°C और न्यूनतम तापमान 29.1°C रिकॉर्ड किया गया। येलो अलर्ट मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी खतरे की पहली चेतावनी होती है, जिसका मतलब है कि खतरे के प्रति सचेत रहें। इसका मतलब है कि वर्तमान में मौसम सामान्य या थोड़ा खराब है, लेकिन आगे चलकर स्थिति खतरनाक हो सकती है और आपको सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
मौसम के मिजाज के अनुसार येलो अलर्ट का मतलब अलग-अलग होता है गर्मियों में: जब भीषण लू (Heatwave) चलने की संभावना होती है या तापमान सामान्य से काफी ज्यादा बढ़ने लगता है, तब यह अलर्ट जारी किया जाता है। इसका मतलब है कि दोपहर में धूप में न निकलें और पर्याप्त पानी पिएं। बारिश या तूफान में: अगर आंधी-तूफान या मध्यम से भारी बारिश (जैसे 6.5 सेमी से 11.5 सेमी तक) की आशंका होती है, तब यह चेतावनी दी जाती है। इसमें आपको मौसम की अपडेट पर नजर बनाए रखनी होती है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






