छत्तीसगढ़

 CG: मादा भालू की शावकों संग मनमोहक मस्ती हुई कैमरे में कैद, वन्यजीव प्रेमी उत्साहित 

 

नगरी। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व से एक बेहद सुखद और मनमोहक तस्वीर सामने आई है। टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में एक मादा भालू अपने छोटे शावक के साथ मस्ती करती हुई ट्रैप कैमरे में कैद हुई है। इस खूबसूरत दृश्य ने वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग के अधिकारियों को उत्साहित कर दिया है।

ट्रैप कैमरे में कैद तस्वीरों में मादा भालू अपने बच्चे के साथ जंगल में घूमती, खेलती और सुरक्षित माहौल में नजर आ रही है। शावक अपनी मां के ऊपर उछलता-कूदता दिखाई दे रहा है, जिसने पूरे दृश्य को बेहद आकर्षक बना दिया। जंगल के भीतर वन्यजीवों की यह गतिविधि इस बात का संकेत मानी जा रही है कि रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण बना हुआ है।

प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूक
वन विभाग के अनुसार, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में लगातार वन्यजीव संरक्षण और निगरानी का कार्य किया जा रहा है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि, किसी भी जंगल में वन्यजीवों का सुरक्षित प्रजनन और शावकों का स्वस्थ दिखाई देना उस क्षेत्र की जैव विविधता और संरक्षण प्रयासों की सफलता को दर्शाता है। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में सामने आई यह तस्वीर न केवल वन्यजीव संरक्षण की सकारात्मक कहानी बयां करती है, बल्कि लोगों को प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति जागरूक होने का संदेश भी देती है। यह तस्वीर उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरूण जैन ने उपलब्ध कराई है।

ट्रैप कैमरों के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
ट्रैप कैमरा और जंगल मॉनिटरिंग के माध्यम से वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। मादा भालू और उसके शावक की मौजूदगी को जंगल के स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन्यप्राणियों की संख्या बढ़ने से अब लगातार इस तरह का सुंदर दृश्य देखने को मिला है। जंगल में भालू और उसके बच्चे की अठखेलियों ने प्रकृति प्रेमियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।











IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button