CG में भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत, तीन दोस्तों की गई जान

बालोद. बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना अंतर्गत बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। ग्राम खैरीडीह के समीप तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की उम्र महज 20 से 21 वर्ष के बीच थी, जो ग्राम पिंकापार के निवासी थे।
भीषण टक्कर से उड़े बाइक के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा देवरी-डौंडीलोहारा मार्ग पर हुआ। पिंकापार निवासी तरुण यादव (20), राहुल सेवता (20) और नरेंद्र भुआर्या (21) देर रात अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी खैरीडीह के पास सामने से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गंभीर चोटें आने के कारण तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
एक ही गांव के तीन युवाओं की मौत की खबर जैसे ही पिंकापार पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। मृतकों के घर में चीख-पुकार मची हुई है। गांव वालों का कहना है कि तीनों दोस्त काफी मिलनसार थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले की तफ्तीश जारी
डौंडीलोहारा पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और टक्कर मारने वाली कार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






