Raigarh News: रायगढ़ में “सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान के तहत सघन जांच, अस्पतालों व फार्मेसी की कोल्ड चेन व्यवस्था पर विशेष फोकस

रायगढ़ May 1, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: रायगढ़ में “सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान के तहत सघन जांच, अस्पतालों व फार्मेसी की कोल्ड चेन व्यवस्था पर विशेष फोकस

Raigarh News: रायगढ़ में “सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान के तहत सघन जांच, अस्पतालों व फार्मेसी की कोल्ड चेन व्यवस्था पर विशेष फोकस

 

राज्य शासन के निर्देश पर 15 दिवसीय विशेष अभियान जारी, मानकों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के संकेत

रायगढ़, 1 मई 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा “सही दवा, शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के अंतर्गत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान का व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर जिले स्तर पर संचालित यह अभियान 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक जिलेभर में निरंतर जारी है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री एवं औषधियां उपलब्ध कराना है।

इसी कड़ी में आज 1 मई को रायगढ़ शहर के विभिन्न अस्पतालों एवं उनसे संबद्ध फार्मेसी प्रतिष्ठानों में वैक्सीन स्टोरेज की कोल्ड चेन व्यवस्था का विशेष निरीक्षण एवं सघन जांच की गई। जांच के दौरान औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।

कार्यवाही के अंतर्गत अपेक्स फार्मेसी (छातामुड़ा बायपास), गोयल फार्मेसी (छातामुड़ा), श्री चिल्ड्रन हॉस्पिटल (लोचन नगर) एवं मेट्रो हॉस्पिटल, रायगढ़ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण, निर्धारित तापमान के अनुरक्षण, कोल्ड चेन की सतत निगरानी, स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण प्रणाली की विस्तार से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कोल्ड चेन प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान अवधि के दौरान यदि कहीं भी अनियमितता या मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, बल्कि आमजन के बीच सुरक्षित दवा और शुद्ध आहार के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दवा एवं खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और प्रमाणिकता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

खबर शेयर करें: