CG News: पिकअप का ब्रेक फेल होने से हादसा, पेड़ से टकराने पर 9 लोग हुए घायल

छत्तीसगढ़ April 22, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: पिकअप का ब्रेक फेल होने से हादसा, पेड़ से टकराने पर 9 लोग हुए घायल

CG News: पिकअप का ब्रेक फेल होने से हादसा, पेड़ से टकराने पर 9 लोग हुए घायल

 कोरबा। कोरबा के मड़वारानी पहाड़ी पर दर्शन कर वापस लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन का ब्रेक फेल हो जाने से वह पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए, जिनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार चांपा-जांजगीर जिले के सलखन गांव के 25 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर कोरबा जिले की पहाड़ी पर स्थित मां मड़वा रानी के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग बकरा भात खाकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में उतराई के दौरान अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार कई श्रद्धालु उछलकर दूर जा गिरे।
इस दुर्घटना में 9 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन में बिठाकर उरगा और चांपा के अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार एक बच्चे की स्थिति चिंताजनक है और उसका इलाज जारी है। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी लेकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

गौरतलब है कि मड़वा रानी पहाड़ी पर स्थित माता के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। पहाड़ी पर वर्षों पहले बनी सड़क अब जगह-जगह से उखड़ चुकी है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इस कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को सड़क की मरम्मत जल्द करानी चाहिए, नहीं तो भविष्य में और भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

खबर शेयर करें: