CG NEWS: तपते आसमान का कहर! 43 डिग्री पार पारा, येलो अलर्ट के बीच स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी

छत्तीसगढ़ April 17, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG NEWS: तपते आसमान का कहर! 43 डिग्री पार पारा, येलो अलर्ट के बीच स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी

CG NEWS: तपते आसमान का कहर! 43 डिग्री पार पारा, येलो अलर्ट के बीच स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी


छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब डराने वाला रूप लेना शुरू कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं, जहां जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश में येलो अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में और भीषण गर्मी की चेतावनी दी है।

Raipur समेत कई जिलों में पारा 43 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन पर साफ असर दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बढ़ती गर्मी के चलते लू लगने और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। साथ ही ठंडे पानी की व्यवस्था, खराब पंखों, कूलर और एसी को तुरंत दुरुस्त करने के आदेश भी दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं रायपुर में 43, माना में 42.5, बिलासपुर में 42.8, जगदलपुर में 40, पेंड्रा रोड में 39.9 और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

विशेषज्ञों ने साफ चेतावनी दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलना बेहद खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इस समय सूरज की किरणें सबसे ज्यादा तीव्र होती हैं।

लोगों को सलाह दी गई है कि बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और शरीर में पानी की कमी बिल्कुल न होने दें। लगातार पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी का सेवन करते रहना जरूरी बताया गया है।

अब सवाल यह है कि क्या लोग इस चेतावनी को गंभीरता से लेंगे, या फिर यह भीषण गर्मी आने वाले दिनों में और बड़ी मुसीबत बनकर सामने आएगी।

 

खबर शेयर करें: