सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर कुरुक्षेत्र में आरंभ हुआ इंस्ट्रको दक्ष स्किल सेंटर

नवीन अवसर के अंतर्गत इंटरनेशनल स्किल सेंटर में इंस्ट्रको द्वारा कौशल विकास प्रशिक्षण के दो नए बैच आज से
नवीन जिन्दल फाउंडेशन और इंस्ट्रको के संयुक्त प्रयासों से युवाओं को किया जाएगा कौशल प्रशिक्षण में सशक्त
कुरुक्षेत्र: 14 अप्रैल। सांसद नवीन जिन्दल की पहल ‘नवीन अवसर’ कार्यक्रम के तहत कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में 15 अप्रैल से कौशल विकास के दो नए बैच प्रारंभ किए जा रहे हैं। नवीन जिन्दल फाउंडेशन और इंस्ट्रको दक्ष स्किल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम, कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए आरंभ किया गया है।
सांसद एवं नवीन जिन्दल फाउंडेशन के चेयरमैन नवीन जिन्दल ने इस अवसर पर कहा कि कौशल विकास एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव है। जब हमारे युवा सही कौशल, आत्मविश्वास और सोच से लैस होते हैं, तो वे केवल अवसर नहीं तलाशते, बल्कि उन्हें सृजित करते हैं। इंस्ट्रको दक्ष स्किल सेंटर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं को सशक्त बनाकर राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेगा।
इंस्ट्रको की संस्थापक देववाकी अग्रवाल ने कहा कि सॉफ्ट स्किल्स जीवन भर हमारे साथ रहती हैं और यह सबसे मूल्यवान संपत्ति होती हैं। हमें खुशी है कि हमें नवीन जिन्दल फाउंडेशन के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास में योगदान देने का अवसर मिला है।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन से डॉ. मनीष मिश्रा ने बताया कि इंस्ट्रको दक्ष स्किल सेंटर द्वारा
प्रातःकालीन बैच सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और
सायंकालीन बैच दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों बैचों में युवाओं को व्यवसायिक जीवन में काम आने वाले सभी मानवीय एवं सामाजिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और उनकी रोजगार क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में इंस्ट्रको दक्ष स्किल सेंटर द्वारा युवाओं को रोजगार योग्य कौशल, व्यवहारिक कौशल, संवाद कौशल, बायो डाटा बनाने का कौशल, इंटरव्यू कौशल का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में नौकरी के अवसरों के लिए स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकें।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण विशेष रूप से 12वीं पास और ग्रेजुएट छात्र-छात्राओं, जो रोजगार की तलाश में हैं, के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस प्रकार के युवा प्रशिक्षण लेकर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं और आत्मनिर्भर बनने की ओर ठोस कदम बढ़ा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के युवाओं की रोजगार क्षमता को सशक्त बनाने, वित्तीय साक्षरता एवं सॉफ्ट स्किल्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एडटेक प्लेटफॉर्म इंस्ट्रको के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत 13 अप्रैल को कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में “इंस्ट्रको दक्ष स्किल सेंटर” का शुभारंभ किया गया, जो ‘नवीन अवसर’ पहल के अंतर्गत संचालित होगा।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






