रायगढ़

खरसिया में लैंड स्कैम: पहले बेची जा चुकी जमीन का फिर से किया सौदा, महिला से 25.14 लाख की ठगी, दो आरोपियों पर अपराध दर्ज

रायगढ़, 13 अप्रैल 2026। जमीन जायदाद के सौदों में अगर आप भी आंख मूंदकर भरोसा करते हैं, तो सावधान हो जाइए। रायगढ़ के खरसिया से धोखाधड़ी की एक ऐसी खबर आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। यहाँ एक शातिर भू-स्वामी और उसके साथी ने मिलकर एक महिला को वो जमीन बेच दी, जिसकी रजिस्ट्री वो 4 साल पहले ही किसी और के नाम कर चुके थे। बैंक से जमीन छुड़ाने और अन्य बहानों से आरोपियों ने महिला से 25 लाख रुपये से ज्यादा हड़प लिए।

रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में जमीन बिक्री के नाम पर लाखों की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक शातिर भू-स्वामी और उसके साथी ने मिलकर एक महिला को झांसे में लिया और जो जमीन पहले ही बेची जा चुकी थी, उसी का सौदा दोबारा कर 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम डकार ली। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।

जानिए पूरा मामला
रायगढ़ जिले के खरसिया थाने में जालसाजी का एक ऐसा मामला दर्ज हुआ है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। नवापारा छाल की रहने वाली अंजनी नायक नाम की महिला खरसिया के आसपास जमीन खरीदना चाहती थी। इसी दौरान ग्राम सूती निवासी लक्ष्मण प्रसाद पटेल ने उन्हें झांसा दिया कि छोटेदेवगांव के नूतन पटेल के पास उपजाऊ जमीन है जिसे वह बेचना चाहता है। लक्ष्मण ने नूतन पटेल से महिला की मुलाकात कराई और जमीन के दस्तावेज भी दिखाए। जमीन के सौदे के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर तय हुई। आरोपियों ने महिला को इतना भरोसा दिलाया कि उन्होंने 4 दिसंबर 2024 को बाकायदा इकरारनामा तैयार करवाया।

भरोसे में आकर अंजनी नायक ने अलग-अलग किश्तों में चेक, नगद और फोन-पे के माध्यम से कुल 25 लाख 14 हजार 322 रुपये आरोपियों को दे दिए। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने जमीन को बैंक से छुड़ाने के नाम पर भी महिला से लाखों रुपये ऐंठ लिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी नूतन पटेल रजिस्ट्री करने में टालमटोल करने लगा, तो महिला ने अपने स्तर पर पटवारी से जमीन की जानकारी निकाली। वहां जो सच सामने आया उसने महिला के पैरों तले जमीन खिसका दी। पता चला कि जिस जमीन का सौदा नूतन पटेल ने अंजनी नायक से किया था, उसे वह साल 2020 में ही अवधराम पटेल नाम के व्यक्ति को बेच चुका था। सबसे बड़ी बात यह रही कि उस पुरानी रजिस्ट्री में लक्ष्मण पटेल खुद गवाह था, जिससे साफ जाहिर होता है कि दोनों ने मिलकर पहले से ही ठगी की पूरी योजना बनाई थी।

इस धोखाधड़ी की शिकायत जब पुलिस अधीक्षक रायगढ़ से की गई, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए गए। खरसिया थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक महेंद्र कुमार खरे ने जब मामले की जांच की और गवाहों के बयान लिए, तो ठगी की पुष्टि हुई। पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने जानबूझकर बेची हुई जमीन का दोबारा सौदा किया और महिला की मेहनत की कमाई हड़प ली। पुलिस ने आरोपी नूतन पटेल और लक्ष्मण पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना की जा रही है। रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से भू-माफियाओं और जमीन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया है।









IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button