छत्तीसगढ़

रात के अंधेरे में खौफनाक खेल… कुल्हाड़ी से पत्नी की हत्या, फिर पति ने उठाया ऐसा कदम कि कांप उठा पूरा गांव

बल्लारी नाला बना खून का गवाह, पल भर में उजड़ गया परिवार… दो मासूमों के सिर से उठा मां-बाप का साया


कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आपसी विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि पति ने पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए माता-पिता का साया उठ गया।

यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कोकोडी गांव निवासी धनेश्वर और उसकी पत्नी सुखबती नेताम किसी काम से बनियागांव गए हुए थे। गुरुवार की रात जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बल्लारी नाला के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर धनेश्वर ने अपनी पत्नी सुखबती नेताम पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सुखबती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे यह पूरा मामला और भी भयावह बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक पल के गुस्से ने न केवल दो जिंदगियां खत्म कर दीं, बल्कि दो मासूम बच्चों को जिंदगीभर का ऐसा दर्द दे दिया, जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सके।











IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button