Uncategorized

नलों से जहर या पानी? भिलाई के सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप, गंदा पानी पीते ही बीमार पड़ रहे बच्चे

दो दिन से सप्लाई हो रहा दूषित पानी, 35 से ज्यादा बच्चे बीमार… जांच शुरू, प्रशासन अलर्ट


दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-7 में उस वक्त दहशत फैल गई जब इलाके में अचानक पीलिया के मामले तेजी से सामने आने लगे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि 35 से ज्यादा बच्चे बीमार पड़ गए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से नलों में गंदा और दूषित पानी सप्लाई हो रहा है, जिसे पीने के बाद ही बच्चे बीमार हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, भिलाई के सभी सेक्टर क्षेत्र भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के टाउनशिप विभाग के अंतर्गत आते हैं, जहां पानी की सप्लाई संयंत्र के वाटर सप्लाई विभाग द्वारा की जाती है। ऐसे में पाइपलाइन से लगातार गंदा पानी आने के कारण हर क्वार्टर में रहने वाले लोग परेशान हैं और यही पानी बीमारी की वजह बनता नजर आ रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भिलाई नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी और अन्य अधिकारी बीएसपी टाउनशिप के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। वहीं बीएसपी प्रबंधन ने भी पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं, ताकि दूषित पानी की असल वजह का पता लगाया जा सके।

राहत की बात यह है कि बीमार बच्चों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है और उनका इलाज घर पर ही किया जा रहा है। हालांकि, अभिभावकों में अब भी डर का माहौल बना हुआ है और लोग साफ पानी की मांग कर रहे हैं।

वार्ड के पार्षद लक्ष्मीपति राजू ने बताया कि इस पूरे मामले की सूचना बीएसपी के पेयजल आपूर्ति विभाग और स्वास्थ्य विभाग को दे दी गई है। साथ ही सेल प्रबंधन को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए, ताकि इलाके में और लोग बीमार न पड़ें।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर नलों तक पहुंचने वाला पानी इतना दूषित कैसे हो गया। क्या यह लापरवाही का नतीजा है या सिस्टम की कोई बड़ी चूक? जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस खौफनाक सच्चाई से पर्दा उठ सकेगा।










IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button