प्रेम और सद्भाव के रंगों से सराबोर हो होली : CM विष्णुदेव साय
“हर्ष, संयम और मर्यादा के साथ मनाएं त्योहार” — प्रदेशवासियों को मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं

रायपुर। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह उल्लास, उमंग और आत्मीयता का महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करे।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत बनाने का अवसर है। यह पर्व समाज में समरसता, सद्भाव और एकता की भावना को प्रगाढ़ करता है और हमें सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली का विशेष महत्व है। यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय, अहंकार पर विनम्रता की जीत और वैमनस्य पर प्रेम की प्रधानता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि होली के रंग हमें यह स्मरण कराते हैं कि विविधताओं से भरे हमारे समाज की वास्तविक शक्ति परस्पर विश्वास, अपनत्व और सामूहिक सहयोग में निहित है।
प्राकृतिक रंगों के उपयोग की अपील
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को हर्षोल्लास, संयम और पारंपरिक मर्यादाओं के साथ मनाएं। प्राकृतिक रंगों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें और समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के साथ भी इस उत्सव की खुशियां साझा करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के रंगों से सजी यह होली छत्तीसगढ़ की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






