Raigarh News: जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने किया निरीक्षण, भेलवाटिकरा-सम्बलपुरी समूह जल प्रदाय योजना 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश

रायगढ़ February 11, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने किया निरीक्षण, भेलवाटिकरा-सम्बलपुरी समूह जल प्रदाय योजना 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश

Raigarh News: जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने कलेक्टर ने किया निरीक्षण, भेलवाटिकरा-सम्बलपुरी समूह जल प्रदाय योजना 31 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश

गुणवत्ता से समझौता नहीं, हर ग्रामीण घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्राथमिकता

रायगढ़, 11 फरवरी 2026/ जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिले के भेलवाटिकरा-सम्बलपुरी समूह जल प्रदाय योजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से अवलोकन करते हुए प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित विभागीय उपअभियंता एवं ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि योजना के अंतर्गत शेष समस्त कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रतिभा नवरतन उपस्थित थी। कलेक्टर ने निरीक्षण करते हुए कहा कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री, पाइपलाइन बिछाने, टंकी निर्माण एवं अन्य तकनीकी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। यह योजना ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार, महिलाओं एवं बालिकाओं के श्रम में कमी तथा जनस्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होने के साथ ही जल आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं की सतत निगरानी कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

खबर शेयर करें: