सांसद नवीन जिन्दल ने चतुर्वेद परायण महायज्ञ में दी आहुति, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का किया आह्वान

महर्षि दयानंद जदयंती व स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर ब्रह्मसरोवर तट पर चल रहा है 12 दिवसीय महायज्ञ
कुरुक्षेत्र, 8 फरवरी। महर्षि दयानंद जयंती एवं स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी वर्ष के अवसर पर कुरुक्षेत्र स्थित ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर 1 से 12 फरवरी तक आयोजित 12 दिवसीय चतुर्वेद परायण महायज्ञ में रविवार को सांसद नवीन जिन्दल ने यज्ञ में आहुति दी तथा उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट की। यह आध्यात्मिक आयोजन वेद विद्या शोध संस्थान कुरुक्षेत्र द्वारा करवाया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने सभी श्रद्धालुओं से समाज के उज्जवल, समरस एवं समेकित भविष्य के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती और स्वामी श्रद्धानंद ने समाज से जातिवाद, अंधविश्वास और छुआछूत जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया, जिनके आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
महायज्ञ के दौरान स्वामी संपूर्णानंद ने सांसद को स्वामी ब्रह्मानंद के जीवन और कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करवाया। साथ ही प्राकृतिक खान-पान से संबंधित स्टॉल्स की जानकारी भी दी, जहां सांसद नवीन जिन्दल ने प्राकृतिक भोजन ग्रहण किया।
इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शरीर रूपी मंदिर का हमें ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने सभी वर्गों से योग और व्यायाम के लिए जागरूकता फैलाने और इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि ब्रह्मसरोवर तट पर आयोजित यह चतुर्वेद परायण महायज्ञ 12 फरवरी तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालु एवं विद्वानजन सहभागिता कर रहे हैं।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






