ढलान बनी मौत का रास्ता! चट्टानों की दरार में फंसा हाथी का शावक, दर्दनाक अंत
रायगढ़ के घरघोड़ा के ग्राम कया में जंगल के भीतर दिल दहला देने वाली घटना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रायगढ़। रायगढ़ जिले के विकासखंड घरघोड़ा अंतर्गत ग्राम कया के घने जंगल क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। हाथियों के झुंड के साथ विचरण कर रहा एक नन्हा हाथी शावक अचानक खतरनाक ढलान से फिसल गया और दो विशाल चट्टानों के बीच बनी गहरी दरार में फंस गया। गंभीर चोटों और आंतरिक रक्तस्राव के चलते शावक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर हरकत में आया वन अमला
जानकारी के अनुसार, 27 जनवरी की शाम स्थानीय ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में एक हाथी के बच्चे को मृत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन अमला मौके के लिए रवाना हुआ, लेकिन रात का समय, दुर्गम जंगल और आसपास मौजूद हाथियों के झुंड के कारण तत्काल घटनास्थल तक पहुंचना संभव नहीं हो सका।
डीएफओ का खुलासा: नर था शावक, उम्र एक साल से कम
डीएफओ रायगढ़ ने बताया कि 28 जनवरी की सुबह वन अमला आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 1310 में घटनास्थल पर पहुंचा और निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि मृत शावक नर था और उसकी आयु एक वर्ष से कम प्रतीत होती है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अत्यधिक ढलान से गिरने के दौरान वह दो बड़ी चट्टानों के बीच फंस गया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई।
इलाके में अब भी विचरण कर रहा हाथियों का दल
वन विभाग ने बताया कि घटना स्थल के आसपास अब भी हाथियों का दल सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है, जिस कारण क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वन अमला लगातार निगरानी कर रहा है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का पूरा सच
मृत हाथी शावक का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की अंतिम पुष्टि की जाएगी।
ग्रामीणों से वन विभाग की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें, अनावश्यक जंगल प्रवेश से बचें और किसी भी संदिग्ध या आपात स्थिति की तत्काल सूचना वन अमले को दें।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर जंगल के दुर्गम इलाकों में वन्यजीवों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






