देश

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति किया जा रहा है जागरूक

 

राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026: कलायत में युवाओं के लिए आयोजित होगी जागरूकता संगोष्ठी

कलायत, 19 जनवरी। सांसद नवीन जिन्दल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026 के अंतर्गत मंगलवार को श्री कपिल मुनि महिला कॉलेज कलायत में एक विशेष जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली परंपरा, उससे जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों, राष्ट्रीय ध्वज संहिता के नियमों तथा नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।

संगोष्ठी के माध्यम से छात्राओं को यह जानकारी दी जाएगी कि किस प्रकार सांसद नवीन जिन्दल ने आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार दिलाने के लिए लंबा और ऐतिहासिक कानूनी संघर्ष किया। कार्यक्रम के दौरान फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की भूमिका, उद्देश्यों और अभियानों की विस्तृत जानकारी भी साझा की जाएगी।

छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों की भावना को मजबूत करने के लिए लेपल फ्लैग एवं रिस्ट बैंड वितरित किए जाएंगे।

इस अवसर पर सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रवक्ता डॉ. राज कुमार बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित रहेंगे। दोनों वक्ता राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, उसके मर्यादित उपयोग और नागरिक दायित्वों पर युवाओं से संवाद करेंगे तथा उन्हें इस जन-जागरूकता अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।



















उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान–2026 की शुरुआत सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल द्वारा कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से की गई थी। रादौर और कैथल में सफल कार्यक्रमों के पश्चात अब यह अभियान कलायत पहुंच रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि यह अभियान आगे चलकर पूरे हरियाणा प्रदेश और फिर चरणबद्ध तरीके से देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत पुराने, क्षतिग्रस्त और खंडित राष्ट्रीय ध्वजों को एकत्रित कर उन्हें विधिसम्मत, सम्मानजनक एवं पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रिया से नवीनीकृत किया जाएगा, ताकि तिरंगे की गरिमा और सम्मान हर स्तर पर सुरक्षित रह सके।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button