देश

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वावलंबन और राष्ट्रबोध को समर्पित विशेष कार्यक्रम का होगा आयोजन

 

कुरुक्षेत्र, 17 जनवरी। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा कुरुक्षेत्र में महिलाओं और किशोरियों के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उदयन केयर संस्थान के परिसर में आयोजित होगा, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और राष्ट्रप्रेम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
इस कार्यक्रम में सिविल अस्पताल से स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं परामर्शदाता किशोरियों को मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे। इस सत्र का उद्देश्य किशोरियों में इस विषय को लेकर जागरूकता बढ़ाना और भ्रांतियों को दूर करना है। इसके साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर लाडवा से आए काउंसलर्स द्वारा उदयन केयर संस्थान के हॉस्टल में रहने वाली किशोरियों को करियर काउंसलिंग दी जाएगी, जिससे वे भविष्य के लिए सही दिशा का चयन कर सकें।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष प्री-सेलिब्रेशन भी किया जाएगा। इस दौरान फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा बनाए गए एक वीडियो के माध्यम से तिरंगे के सम्मान, उसके इतिहास तथा सांसद नवीन जिन्दल द्वारा आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिलाने से जुड़े ऐतिहासिक न्यायिक संघर्ष की जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट भी कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध रहेगी, जहां महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस मेडिकल यूनिट के माध्यम से महिलाओं को सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं आवश्यक दवाइयों की सुविधा दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम के पहले तीन सत्र विशेष रूप से उदयन चाइल्ड केयर इंस्टीट्यूट में रह रही किशोरियों के लिए आयोजित किए जाएंगे, जबकि मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाएं आम महिला नागरिकों के लिए खुली रहेंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की सोच है कि समाज की महिलाओं और बेटियों को स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के हर अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम ‘महिलाओं के लिए महिलाओं द्वारा’ की भावना को साकार करता है, जिसमें नवीन जिन्दल फाउंडेशन की महिला टीम कुरुक्षेत्र की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। धर्मवीर सिंह ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज को भी एक सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सेवा कार्य करता रहेगा।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button