देश

अब थूका तो इज्जत जाएगी! सड़क पर थूकते ही 500 का जुर्माना, चौराहों पर लगेगी फोटो

CCTV की नजर, सार्वजनिक शर्मिंदगी और सख्त जुर्माना—पटना में गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम का सबसे बड़ा एक्शन

पटना। अगर आप पटना में रहते हैं या यहां आने-जाने वाले हैं, तो यह खबर अनदेखी करना भारी पड़ सकता है। अब सड़क पर पान-गुटखा खाकर थूकना या सार्वजनिक जगहों पर पेशाब करना सिर्फ बुरी आदत नहीं, बल्कि सीधी कार्रवाई और शर्मिंदगी का कारण बनेगा।

नीतीश सरकार और पटना नगर निगम ने मिलकर शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए ऐसा नियम लागू किया है, जिसे सुनकर ही कई लोग संभल जाएंगे। अब न सिर्फ जुर्माना लगेगा, बल्कि इज्जत भी दांव पर होगी


थूका तो 500 रुपये जुर्माना, फोटो होगी सार्वजनिक

नगर आयुक्त सह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी यशपाल मीणा के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नियम के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति सड़क, फ्लाईओवर, चौराहा या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर पान-गुटखा या तंबाकू खाकर थूकते पकड़ा गया, तो उससे मौके पर ही 500 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।

इतना ही नहीं, आरोपी की तस्वीर शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी वैरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। यानी गंदगी फैलाने वालों को अब सार्वजनिक शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ेगी। नगर निगम ने ऐसे लोगों को साफ शब्दों में “नगर शत्रु” यानी शहर का दुश्मन करार दिया है।


खुले में पेशाब करने पर भी नहीं बख्शे जाएंगे

नगर निगम की सख्ती सिर्फ थूकने तक सीमित नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करने वालों पर भी तुरंत एक्शन लिया जाएगा। प्रवर्तन टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में मौके पर ही जुर्माना लगाया जाए।

अधिकारियों के मुताबिक, इन हरकतों की वजह से कई इलाके रेड स्पॉट बन चुके हैं, जिससे शहर की छवि और लोगों की सेहत दोनों को नुकसान हो रहा है।




















3300 CCTV कैमरों से 24×7 निगरानी

इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है पटना स्मार्ट सिटी का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC)। शहर के 415 स्थानों पर लगे 3300 से ज्यादा CCTV कैमरे दिन-रात नजर रख रहे हैं।

इन कैमरों से गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर उनकी तस्वीरें सीधे VMD स्क्रीन पर चलवाई जाएंगी। यानी अब बचने का कोई रास्ता नहीं।


सब-वे में दिखी सख्ती, 250 लोगों से वसूला जुर्माना

नगर निगम की कार्रवाई सिर्फ कागजों में नहीं है। हाल ही में पटना जंक्शन से जुड़ी अंडरग्राउंड सब-वे में विशेष अभियान चलाया गया, जहां करीब 250 लोगों से जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा।


आप भी बन सकते हैं निगरानी का हिस्सा

पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से भी सहयोग मांगा है। अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर थूकता या गंदगी फैलाता दिखे, तो टॉल-फ्री नंबर 155304 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।


साफ संदेश: आदत नहीं बदली तो जेब और इज्जत—दोनों जाएंगी

नगर निगम का संदेश बिल्कुल साफ है—
अब पटना में गंदगी फैलाना महंगा सौदा होगा।
CCTV निगरानी, जुर्माना और चौराहों पर फोटो—तीनों मिलकर लोगों की आदत बदलने के लिए काफी हैं।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button