खाटूश्यामजी में ‘भक्ति’ की आड़ में लूट का खौफनाक खेल! इन शातिर महिलाओं से रहें सावधान, पुलिस ने किया पूरे गिरोह का पर्दाफाश
दर्शन के बहाने पास आतीं, पलक झपकते ही गायब कर देतीं सोने की चेन

सीकर।
राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटूश्यामजी में आस्था की भीड़ के बीच एक ऐसा खौफनाक खेल चल रहा था, जिसका अंदाजा किसी श्रद्धालु को नहीं था। दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस गिरोह में बाप-बेटा, बहू और दो पति-पत्नी सहित कुल 18 शातिर लोग शामिल थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
भीड़ में घुसते ही शुरू होता था खेल
पुलिस के अनुसार, गिरोह की महिलाएं पूरी प्लानिंग के साथ भीड़ में सक्रिय रहती थीं। वे श्रद्धालुओं से पहले बातचीत शुरू करतीं, उन्हें उलझातीं और फिर मौका मिलते ही गले से सोने की चेन साफ कर देतीं।
वारदात के बाद महिलाएं या तो भीड़ में गायब हो जाती थीं या फिर चेन तुरंत अपने साथ मौजूद पुरुष साथियों को सौंप देती थीं, ताकि तलाशी के दौरान उनके पास से कुछ भी बरामद न हो सके।
नए साल की भीड़ बनी अपराधियों का हथियार
पुलिस ने बताया कि नववर्ष पर खाटूश्यामजी में भारी भीड़ को देखते हुए गिरोह ने बड़ी वारदात की योजना बनाई थी। लेकिन इस बार पुलिस भी पूरी तरह सतर्क थी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए भीड़ के बीच से ही सभी आरोपियों को दबोच लिया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।
अब खुलेंगे पुराने राज?
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह गिरोह इससे पहले किन-किन धार्मिक स्थलों और शहरों में ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






