सांसद नवीन जिन्दल जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए हैं प्रयासरत : रविंद्र धीमान

संसदीय क्षेत्र में तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दी जा रही हैं स्वास्थ्य सुविधाएं
नवीन जिन्दल फाउंडेशन की मोबाइल मेडिकल यूनिट से कुरुक्षेत्र कैथल जिले के लोग ले रहे हैं स्वास्थ्य लाभ
कैथल: 16 दिसंबर। सांसद नवीन जिन्दल द्वारा शुरू किए गए स्वस्थ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र अभियान के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा तीन मोबाइल मेडिकल यूनिटें चलाई जा रही हैं। ये यूनिटें प्रतिदिन अलग-अलग गांवों और शहरों के वार्डों में जाकर लोगों के स्वास्थ्य जांच करती हैं और उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराती हैं। यह पहल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कारगर साबित हो रही है।
तीनों मोबाइल मेडिकल यूनिट में तैनात एमबीबीएस डॉक्टर मरीजों की जांच कर उनको मुफ्त परामर्श प्रदान करते हैं तथा आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की जाती हैं। यूनिट में आने वाले ग्रामीणों के रक्त और मूत्र के परीक्षण भी किए जाते हैं, जिससे विभिन्न बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार संभव हो पाता है। इन परीक्षणों में लिपिड प्रोफाइल, मलेरिया, विडाल टेस्ट, यूरीन आरएम, सीबीसी, सीआरपी, एसजीपीटी, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, विटामिन बी-12, विटामिन डी-3 और कैल्शियम आदि की जांच शामिल रहती है।
सांसद नवीन जिन्दल के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप 21 जुलाई 2024 से 10 दिसंबर 2025 तक तीनों मोबाइल मेडिकल यूनिटों द्वारा कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के गांवों और शहर के वार्डों में कुल 1450 शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनमें लगभग 1,20,000 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है और नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गई है। इनमें से 20,200 लोगों के रक्त एवं मूत्र परीक्षण किए गए, जो इस अभियान की व्यापकता और उपयोगिता को दर्शाते हैं।
कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। उनकी पहल पर कैथल जिले के 50 टीबी मरीजों को गोद लिया गया है। नवीन जिन्दल फाउंडेशन के माध्यम से मोबाइल मेडिकल यूनिट गांवों और वार्डों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पहुंच रही है। स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक शनिवार को जिन्दल हाउस कुरुक्षेत्र और जिन्दल हाउस कैथल में मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा मुफ्त स्वास्थ्य जांच और दवाइयां वितरित की जाती हैं। इससे आसपास के क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिल रही है और नियमित जांच की सुविधा भी उपलब्ध हो रही है।
उल्लेखनीय है कि बाऊजी ओ.पी. जिन्दल की प्रेरणा और सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों से नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा स्वस्थ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र अभियान न केवल रोगों के उपचार तक सीमित है, बल्कि लोगों को स्वास्थ्यवर्धक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करता है। इस अभियान के तहत ग्रामीणों को खान-पान, स्वच्छता, व्यायाम और नियमित स्वास्थ्य जांच से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जा रही हैं।
आज कलायत के गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं देने पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट
मोबाइल मेडिकल यूनिट के कोऑर्डिनेटर डॉ. राज कुमार ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल के कुशल नेतृत्व में इन मोबाइल मेडिकल यूनिटों का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि आज कलायत हल्का में राजौंद ब्लॉक के गांव में पहुंच कर मोबाइल मेडिकल यूनिट ने लोगों को लाभान्वित किया। आज के स्वास्थ्य शिविर में 10 लोगों के युरिन और रक्त के टेस्ट किए गए जबकि 151 लोगों को परामर्श और जांच के बाद निःशुल्क दवाइयां दी गई। उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक गांवों में नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों और क्षेत्र का हर नागरिक स्वस्थ जीवन जी सके।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






