देशरायगढ़

सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर ‘स्वस्थ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र’ अभियान के अंतर्गत कैंसर जागरूकता अभियान पर हुआ मंथन

कुरुक्षेत्र: 10 दिसंबर। सांसद नवीन जिन्दल द्वारा संचालित ‘स्वस्थ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र’ अभियान के तहत सोमवार को कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इस बीमारी से बचाव के उपायों पर एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक उन प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिनके माध्यम से पूरे संसदीय क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा लोगों को गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत किया जा रहा है।

बैठक में प्रतिष्ठित मेडिडेक्ट से आए कैंसर विशेषज्ञ डॉ. गगनदीप सिंह बेदी और सार्वजनिक स्वास्थ्य विषयों की जानकार प्रो. हिमानी सिंह ने भाग लिया। दोनों विशेषज्ञों ने उपस्थित टीम को कैंसर के कारणों, लक्षणों, जोखिम कारकों, प्रारंभिक पहचान, रोकथाम और उपचार संबंधी नवीनतम मेडिकल जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आज की जीवनशैली, खान-पान और पर्यावरणीय कारक इस बीमारी के तेजी से बढ़ने के प्रमुख कारणों में शामिल हो गए हैं।

बैठक में कुरुक्षेत्र सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह, क्षेत्र में कार्यरत तीनों मोबाइल मेडिकल यूनिट के डॉक्टर एवं स्टाफ, और नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम भी उपस्थित रही। सभी प्रतिभागियों ने कैंसर जागरूकता अभियान को ज़मीनी स्तर तक पहुँचाने की रणनीति पर सामूहिक रूप से चर्चा की।

बैठक के दौरान डॉ. गगनदीप सिंह बेदी ने कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, इसे समझने और समय पर पहचानने की आवश्यकता है। यदि लोगों को शुरुआती लक्षणों की जानकारी हो और वे समय पर जांच करवाएँ, तो कैंसर का उपचार न केवल संभव है बल्कि रोगी सामान्य जीवन भी जी सकता है।

इस अवसर पर कुरुक्षेत्र सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र देश का सबसे स्वस्थ क्षेत्र बने। इसी लक्ष्य के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिटों, नियमित स्वास्थ्य शिविरों और विशेषज्ञों के साथ संवाद जैसी पहलें निरंतर जारी हैं। आज की बैठक इस दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। कैंसर जैसी बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि सही जानकारी ही इस बीमारी से लड़ने का सबसे मजबूत हथियार है।



















सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर चल रहा ‘स्वस्थ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र’ अभियान जनसेवा की एक ऐसी व्यापक पहल है, जिसका उद्देश्य केवल बीमारी का उपचार नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना भी है। यह बैठक उसी दिशा में एक सार्थक और महत्त्वपूर्ण कदम साबित हुई।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button