बीजापुर नक्सलियों का पर्चा वायरल: देवजी को कोर्ट में पेश करने की मांग
बीजापुर नक्सलियों का पर्चा वायरल: देवजी को कोर्ट में पेश करने की मांग
बीजापुर। नक्सलियों ने दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प के नाम से एक पर्चा जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि नक्सल संगठन के लीडर देवजी को आंध्र प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ 50 अन्य साथी भी पकड़े गए हैं। पर्चे में पुलिस से आग्रह किया गया है कि देवजी और अन्य साथियों को जल्द कोर्ट में पेश किया जाए।
नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सितारामा राजू जिले में 18 और 19 नवंबर को हुई मुठभेड़ को फर्जी बताया है। उनका दावा है कि पुलिस ने मुठभेड़ की कहानी बनाई, जबकि हिड़मा समेत 13 अन्य साथियों को पकड़कर मारा गया। इसके विरोध में माओवादी संगठन ने 30 नवंबर को भारत बंद का ऐलान किया है।
पर्चे में यह भी कहा गया कि 30 नवंबर को बंद के दौरान अस्पताल, एंबुलेंस और दूध की गाड़ियों को छूट दी जाएगी। नक्सलियों ने यह भी आरोप लगाया कि कोसा दादा और राजू दादा की हत्या की गई।
इधर, बस्तर के IG सुंदरराज पी लगातार नक्सलियों से हिंसा छोड़कर हथियार डालने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि माओवादी अब केवल समय रहते सरेंडर करने का विकल्प चुन सकते हैं।