दंतेवाड़ा: NMDC प्लांट में बड़ा हादसा: कन्वेयर बेल्ट में फंसने से कर्मचारी की मौत
दंतेवाड़ा: NMDC प्लांट में बड़ा हादसा: कन्वेयर बेल्ट में फंसने से कर्मचारी की मौत
दंतेवाड़ा। एनएमडीसी के बचेली प्लांट में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्क्रीनिंग प्लांट के डिपॉजिट नंबर-05 में काम कर रहे कर्मचारी की कन्वेयर बेल्ट में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई, वहीं सहकर्मियों और परिजनों में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक कर्मचारी शिव कुमार अपनी ड्यूटी के दौरान कन्वेयर बेल्ट के पास काम कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से वह बेल्ट में जा फंसा। मशीनरी के तेज दबाव और गति के कारण उसे गंभीर चोट आई और उसकी तत्क्षण मौत हो गई।
हादसे की खबर लगते ही बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि सुरक्षा उपकरणों और निगरानी को लेकर लापरवाही बरती गई हो सकती है।
परिजनों व कर्मचारी यूनियन ने एनएमडीसी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्लांट में कई जगह सुरक्षा गार्ड, चेतावनी संकेत और सुरक्षात्मक उपकरण पर्याप्त नहीं हैं, जिसके चलते इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले पर जांच कर रही है और एनएमडीसी प्रबंधन ने भी आंतरिक जांच के आदेश जारी किए हैं। कर्मचारी संगठन ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।