चार लेबर कोड लागू: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी और मंत्री मंडाविया को दी बधाई
चार लेबर कोड लागू: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी और मंत्री मंडाविया को दी बधाई
नई दिल्ली/रायपुर। देश में चार श्रम संहिताओं के ऐतिहासिक क्रियान्वयन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने इसे भारत के श्रम क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मुकाम बताया, जो लगभग 400 मिलियन से अधिक श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान को सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन चार लेबर कोड्स के लागू होने से पूरे देश में यूनिवर्सल मिनिमम वेतन, महिलाओं के लिए समान वेतन, फिक्स्ड-टर्म कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी, सभी श्रमिकों के लिए सोशल सिक्योरिटी, मुफ्त सालाना हेल्थ चेकअप, और ओवरटाइम पर दोगुनी मजदूरी जैसी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित होंगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि यह कदम आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और श्रमिक वर्ग के लिए सशक्त, सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों और उद्योगपतियों से अपील की कि वे इस सुधार का सकारात्मक लाभ उठाएँ और इसे देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए उपयोग में लाएँ।
साथ ही उन्होंने कहा कि चार लेबर कोड्स के क्रियान्वयन से औद्योगिक संबंध अधिक संतुलित और पारदर्शी होंगे, रोजगार सृजन में वृद्धि होगी और भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होगी। श्री साय ने श्रमिकों के अधिकारों, कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मोदी और मंत्री मंडाविया का आभार व्यक्त किया।