दुर्ग में दहेज का डर: मेयर की बेटी को फॉर्च्यूनर कार के लिए मारपीट और प्रताड़ना का सामना!
दुर्ग में दहेज का डर: मेयर की बेटी को फॉर्च्यूनर कार के लिए मारपीट और प्रताड़ना का सामना!
दुर्ग – जिले की रिसाली निगम की महापौर शशि सिन्हा की बेटी अल्का साहसी (27 साल) ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। अल्का के अनुसार, उनकी शादी को अभी 9 महीने ही हुए हैं, लेकिन इस दौरान ससुराल वाले उन्हें लगातार दहेज के लिए परेशान कर रहे थे।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि शादी के समय उनके माता-पिता को अलग बुलाकर कहा गया था कि “महापौर की बेटी होने के नाते आपको फॉर्च्यूनर कार देनी चाहिए थी। कार नहीं दी तो लड़की को ससुराल नहीं लेंगे।”
अल्का साहसी ने भिलाई सेक्टर-6 महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने पति, सास-ससुर सहित 5 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
शादी 21 जनवरी 2025 को भिलाई के रिसाली में हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में अल्का के माता-पिता ने टीवी, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, सोने-चांदी के जेवर, फर्नीचर सहित घरेलू सामान और नकद राशि दी थी।
पीड़िता ने बताया कि शादी के तीसरे दिन ही पति चित्रांश साहसी उन्हें जगदलपुर के विभागीय आवास नगरनार ले गए, जहां से प्रताड़ना शुरू हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति उनके हाथ का खाना नहीं खाते, खाना बनाने में “नुक्स” निकालकर अपमान करते थे। अल्का पर चरित्र संदेह जताया जाता था, उन पर निगरानी रखी जाती थी और उन्हें अपने परिवार से बात करने तक नहीं दिया जाता था।
अल्का ने यह भी कहा कि उन्हें “डायन” तक कहा गया, और छोटी-छोटी बात पर गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। कई बार उन्हें छत से धक्का देकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
यह मामला परिवार और समाज में दहेज प्रथा की जड़ता और महिला सुरक्षा की गंभीर चुनौतियों को उजागर करता है। पुलिस ने अब जांच में तेजी लाई है और आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।