बिलासपुर में मकान की पहली मंजिल में आग, महिलाएं और बच्चे बालकनी से सुरक्षित निकाले गए
बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र की मूर्ति गली स्थित मकान की पहली मंजिल पर सोमवार की शाम आग लग गई। घर में उस समय महिलाएं और बच्चे ही मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह बालकनी से अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, मकान में रहने वाले सौरभ प्रताप सिंह अपने परिवार के साथ पहली मंजिल में रहते हैं। उनके दो भाई भी उसी मकान में रहते हैं। रात करीब 8 बजे दरवाजे के पास लगी आग कमरे की ओर बढ़ने लगी। आग फैलते देख महिलाएं और बच्चे बालकनी की ओर भागे, जहां से उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से आधा घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कमरे में रखे सामान जलकर खाक हो चुके थे।
घर के सदस्यों ने प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट या पूजा के दीये से आग लगने की आशंका जताई है। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना की थाने में अभी शिकायत नहीं की गई, पुलिस ने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।