बिलासपुर ट्रेन हादसे की जांच में बड़ा एक्शन! असिस्टेंट महिला लोको पायलट सस्पेंड, सीनियर अफसर को जबरन छुट्टी
बिलासपुर ट्रेन हादसे की जांच में बड़ा एक्शन! असिस्टेंट महिला लोको पायलट सस्पेंड, सीनियर अफसर को जबरन छुट्टी
बिलासपुर। 4 नवम्बर को बिलासपुर-कोरबा मार्ग पर हुए भयानक ट्रेन हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। गतौरा सेक्शन में मेमू ट्रेन सामने चल रही मालगाड़ी से टकरा गई थी, जिसमें अबतक 14 लोगों की मौत हो चुकी है और कई गंभीर रूप से घायल हैं।
रेलवे ने इस हादसे की जांच के लिए विशेष कमेटी का गठन किया है। इसके साथ ही सीआरएस (Commissioner of Railway Safety) की जांच भी जारी है। जांच के बीच रेलवे ने असिस्टेंट लोको पायलट रश्मि राज को सस्पेंड कर दिया है। उनका सस्पेंशन सीआरएस की जांच पूरी होने तक लागू रहेगा। हादसे में रश्मि राज भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
रेलवे विभाग की ओर से जारी आदेश में एक और बड़ा कदम उठाते हुए डीओपी एम आलम को जबरन छुट्टी पर भेज दिया गया। एम आलम ने ही मेमू ट्रेन के ऑपरेशन में लोको पायलट की ड्यूटी लगाई थी। उनकी जगह अब टीआरडी विवेक कुमार को तैनात किया गया है।
यह कदम रेलवे प्रशासन की सख्त कार्रवाई और सुरक्षा मानकों पर नजर रखने की कोशिश को दर्शाता है। हादसे के बाद उठे सवालों और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे और भी सख्त कार्रवाई की संभावना बनी हुई है।