रायगढ़: पुसौर के छपोरा में होगा 33/11 केवी उपकेंद्र का निर्माण

छत्तीसगढ़ November 13, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायगढ़: पुसौर के छपोरा में होगा 33/11 केवी उपकेंद्र का निर्माण

रायगढ़: पुसौर के छपोरा में होगा 33/11 केवी उपकेंद्र का निर्माण

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में जनसुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से जारी हैं। इसी क्रम में सोमवार, 12 नवंबर को वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने ग्राम छपोरा (पुसौर) में 3.15 एमवी क्षमता वाले 33/11 केवी उपकेंद्र का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। यह परियोजना 277 लाख रुपये की लागत से पूर्ण की जाएगी, जिससे पुसौर क्षेत्र के 39 ग्रामों को स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

शिलान्यास कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह उपकेंद्र पुसौर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगा और किसानों व उपभोक्ताओं दोनों के लिए स्थायी समाधान साबित होगा।
उन्होंने बताया कि फिलहाल इन ग्रामों की बिजली आपूर्ति पुसौर और झलमला उपकेंद्रों से होती है, जिससे लंबी दूरी और अधिक लोड के कारण रबी सीजन में वोल्टेज ड्रॉप और बार-बार फॉल्ट की समस्या उत्पन्न होती थी। नए उपकेंद्र के निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी निवारण होगा।

17 ग्रामों को सीधे मिलेगा लाभ

विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता मनीष तनेजा ने बताया कि इस उपकेंद्र से सीधे तौर पर 17 ग्रामों को लाभ होगा, जिनमें
छपोरा, ठेंगापाली, कांदागढ़, महलोई, लोहाखान, बोदाझरिया, नेतनागर, झिलगीटार और देवलसुरा सहित अन्य गांव शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना वित्त मंत्री चौधरी के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुई है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों में हर्ष का माहौल है।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य बृजेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता गुंजन शर्मा, एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता नरेंद्र नायक, सहायक अभियंता लक्ष्मीकांत पटेल, ग्राम सरपंच धनेश्वर प्रधान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

खबर शेयर करें: