रायपुर में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर: राजधानी रायपुर में गौवंश तस्करी के खिलाफ खमतराई पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी उमेश दावड़ा (36 वर्ष) और विकास तिवारी (21 वर्ष) interstate गौ तस्करी गिरोह से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। वहीं इस नेटवर्क का तीसरा और मुख्य आरोपी विवेक तिवारी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मवेशियों से भरे ट्रक पर पुलिस की नाकेबंदी
1 नवंबर 2025 की सुबह खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक (क्रमांक CG 04 JD 9815) में भारी मात्रा में गौवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मेटल पार्क, रांवाभाठा और धनेली नाला क्षेत्र में नाकेबंदी की।
सुबह करीब 4 बजे पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 24 नग गौवंश (नंदी) भरे मिले, जिनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
जांच में उजागर हुआ तस्करी नेटवर्क
इस घटना के बाद प्रिंस सिंह परमार की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1164/25 दर्ज किया गया। मामला धारा 325 बीएनएस और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान ट्रक मालिक उमेश दावड़ा का नाम सामने आया, जो गौ तस्करी का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से बेमेतरा, राजनांदगांव और भंडारा (महाराष्ट्र) में भी मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद उमेश ने कबूल किया कि वह विवेक तिवारी और विकास तिवारी के साथ मिलकर खैरागढ़ क्षेत्र से 30 मवेशी लेकर नागपुर जा रहा था। रास्ते में छह मवेशी ट्रक से कूद गए थे।
दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और मास्टरमाइंड की तलाश
उमेश के बयान के आधार पर पुलिस ने विकास तिवारी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी मुख्य सरगना विवेक तिवारी के निर्देश पर काम कर रहे थे।
फिलहाल विवेक तिवारी फरार है और उसके खिलाफ थाना पामगढ़ (जांजगीर-चांपा) में भी कृषक पशु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज है। उसकी तलाश में पुलिस ने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में भी टीमें भेजी हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
थाना खमतराई प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का हिस्सा हैं, जो मवेशियों को अवैध रूप से महाराष्ट्र भेजकर बिक्री करते थे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि
“गौवंश तस्करी या पशु क्रूरता के किसी भी मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वाहन और संपत्ति जब्त की जाएगी, दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
गिरफ्तार और फरार आरोपी
-
गिरफ्तार:
-
उमेश दावड़ा पिता चेतराम दावड़ा (36 वर्ष), निवासी टेकानगर, नागपुर — हाल निवासी उरकुरा, रायपुर।
-
विकास तिवारी पिता विवेक तिवारी (21 वर्ष), निवासी अमरपाटन, जिला सतना (मध्यप्रदेश) — हाल निवासी उरकुरा, रायपुर।
-
-
फरार:
-
विवेक तिवारी, निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
-
नागरिकों से अपील
रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि गौवंश तस्करी और इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।