BIJAPUR BREAKING: 27 लाख के इनामी 6 कुख्यात माओवादी ढेर, DVCM कन्ना और पापाराव की पत्नी उर्मिला का आतंक हुआ खत्म

छत्तीसगढ़ November 13, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
BIJAPUR BREAKING: 27 लाख के इनामी 6 कुख्यात माओवादी ढेर, DVCM कन्ना और पापाराव की पत्नी उर्मिला का आतंक हुआ खत्म

BIJAPUR BREAKING: 27 लाख के इनामी 6 कुख्यात माओवादी ढेर, DVCM कन्ना और पापाराव की पत्नी उर्मिला का आतंक हुआ खत्म

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को नेशनल पार्क के जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की। सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में 27 लाख रुपये के इनामी 6 कुख्यात माओवादी मारे गए। मारे गए माओवादियों में मोस्ट वांटेड DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना और DKSZCM पापाराव की पत्नी उर्मिला भी शामिल हैं। इस मुठभेड़ के साथ ही क्षेत्र में आतंक मचाने वाले इन माओवादी नेताओं का अध्याय समाप्त हो गया है।

सुबह से शाम तक चली मुठभेड़

जानकारी के अनुसार, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों की डीआरजी तथा एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने नेशनल पार्क के कांदुलनार-कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। विश्वसनीय सूचना मिली थी कि क्षेत्र में DKSZCM पापाराव, DVCM कन्ना, उर्मिला, मोहन कड़ती समेत 50 से 60 माओवादी मौजूद हैं। सुबह 10 बजे शुरू हुई मुठभेड़ शाम तक चली, जिसमें 6 माओवादी ढेर हो गए।

घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद इलाके की सर्चिंग के दौरान ऑटोमैटिक हथियार, विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, रेडियो सेट, स्कैनर, मेडिकल सामग्री और यूनिफॉर्म सहित बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया।

मारे गए माओवादियों की पहचान

  1. DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना (35 वर्ष) – गुडडीपाल थाना मोदकपाल, जिला बीजापुर। प्रभारी, मद्देड़ एरिया कमेटी। इनाम ₹8 लाख।

    • 20 से अधिक ग्रामीणों की हत्या, कई IED ब्लास्ट, पुलिस कैम्प पर हमले, आगजनी और शिक्षादूतों के अपहरण जैसे मामलों में शामिल।

    • पुलिस रिकॉर्ड में 42 आपराधिक प्रकरण और 18 स्थायी वारंट दर्ज थे।

    • उसकी मौत से क्षेत्र में लंबे समय से फैला आतंक समाप्त हुआ।

  2. DVCM उर्मिला (पत्नी पापाराव) – सचिव, पामेड़ एरिया कमेटी। इनाम ₹8 लाख।

    • पापाराव की पत्नी उर्मिला संगठन की आपूर्ति और रसद व्यवस्था संभालती थी। उसकी मौत से पामेड़ एरिया की सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित होगी।

  3. ACM जगत तामो ऊर्फ मोटू – निवासी फुल्लोड़, थाना जांगला, जिला बीजापुर। इनाम ₹5 लाख।

  4. PM देवे – निवासी मीनागट्टा, थाना पामेड़, जिला बीजापुर। इनाम ₹2 लाख।

  5. PM भगत – निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर। इनाम ₹2 लाख।

  6. PM मंगली ओयाम – निवासी पेद्दोजोजेर, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर। इनाम ₹2 लाख।

बरामद हथियार और सामग्री

  • 2 इंसास रायफल, 1 कार्बाइन, 1 .303 राइफल, 1 सिंगल शॉट राइफल, 1 बारह बोर बंदूक

  • कुल 10 मैग्जीन और 113 कारतूस

  • रेडियो, स्कैनर, हैंड ग्रेनेड, सेफ्टी फ्यूज, माओवादी साहित्य, यूनिफॉर्म और मेडिकल किट

अभियान की विस्तृत जानकारी

बीजापुर जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, एसपी बीजापुर डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, एसपी दंतेवाड़ा गौरव राय, एसपी एसटीएफ स्मृतिक राजनाला और डीआईजी सीआरपीएफ ऑप्स राकेश चौधरी ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन क्षेत्र में अब भी सर्च अभियान जारी है।

माओवादी संगठन को बड़ा झटका

DVCM कन्ना और उर्मिला की मौत से माओवादी संगठन को गहरा झटका लगा है। ये दोनों नेता लंबे समय से बस्तर संभाग में नक्सली गतिविधियों को संचालित कर रहे थे। कन्ना का अर्बन नेटवर्क से भी गहरा संबंध बताया जा रहा है, जिसकी जांच अब सुरक्षाबल कर रहे हैं।

अब तक की कार्रवाई

एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 144 माओवादी मारे गए, 499 गिरफ्तार हुए और 560 ने आत्मसमर्पण किया है।
जनवरी 2024 से अब तक कुल 202 माओवादी मारे गए, 1002 गिरफ्तार हुए, जबकि 749 माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है।

खबर शेयर करें: