Raigarh News: घरघोड़ा में भीषण सड़क हादसा तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती गंभीर रूप से घायल मौके पर अफरा-तफरी
Raigarh News: घरघोड़ा में भीषण सड़क हादसा तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती गंभीर रूप से घायल मौके पर अफरा-तफरी
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा में आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर आईटीआई कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक कई मीटर तक सड़क पर घसीटती चली गई, जिससे बाइक सवार युवक और महिला दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 3रू50 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्कोडा कार अत्यधिक रफ्तार से घरघोड़ा की ओर आ रही थी, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, और देखते ही देखते सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। घटना के तुरंत बाद सूचना मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
घायलों की हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घायल युवक और महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और कार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में कार चालक की लापरवाही से हादसा होना प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”
स्थानीय लोगों में गुस्सा
हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों ने घरघोड़ा-रायगढ़ रोड पर बढ़ते ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि आईटीआई और रिहायशी इलाका होने के बावजूद इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।