लाल किला के पास कार धमाके में अब तक 8 की मौत, दिल्ली से मुंबई तक हाई अलर्ट

दिल्ली। दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में बम धमाका होने से अफरातफरी मच गई है। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुआ। ब्लास्ट इतना भीषण था कि काफी दूर तक इसकी धमक दिखी और आग भड़क गई। कई कारें इस आग की चपेट में आई हैं और अब तक 8 लोगों के मरने और 25 लोगों के घायल होने की खबर है। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 टीमों को रवाना किया गया और दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल टीम भी मौके पर पहुंची है। फिलहाल पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी है। यह धमाका कैसे हुआ और इसके क्या कारण हैं। इस संबंध में जानकारी का इंतजार है। फिलहाल पुलिस शुरुआत जांच में जुटी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिशनर से की बात
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिशनर से बात की, साथ ही IB (इंटेलीजेंस ब्यूरो) के प्रमुख से भी घटना को लेकर जानकारी ली है।
दुकानदार बोला- ऐसा लगा धरती फटने वाली है..
दिल्ली धमाके का अनुभव बताते हुए एक स्थानीय दुकानदार ने एएनआई से कहा, ‘मैं दुकान पर कुर्सी पर बैठा हुआ था, एकदम से इतनी तेज धमाका हुआ कि मैंने अपनी जिंदगी में इतना ज़ोरदार धमाका कभी नहीं सुना। मैं धमाके की वजह से तीन बार गिरा। ऐसा लगा जैसे धरती फटने वाली है, और हम सब मर जाएंगे। ऐसा लगा जैसे हम मौत के मुंह से वापस आए हैं।’
दिल्ली में धमाके के बाद मुंबई में भी सुरक्षा कड़ी की गई
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार विस्फोट के बाद मुंबई पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। गश्त बढ़ा दी गई है, महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है, संदिग्ध व्यक्तियों की अचानक तलाशी ली जा रही है, सभी पुलिस स्टेशनों को सतर्क किया जा रहा है, नाकाबंदी लागू की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में जमीनी खुफिया जानकारी का उपयोग किया जा रहा है।
दिल्ली में विस्फोट के बाद यूपी में भी हाई अलर्ट
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। यूपी के एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने एएनआई से बात करते हुए बताया कि डीजीपी ने उत्तर प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, संवेदनशील जिलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में गश्त और जांच बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है। लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर RPF व GRP द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
चश्मदीद ऑटो ड्राइवर बोला- डिजायर कार में धमाका हुआ
दिल्ली के लाल किले के पास धमाके में घायल हुए ऑटो ड्राइवर जीशान ने बताया, ‘मेरे सामने एक स्विफ्ट डिजायर कार चल रही थी, वह कार लगभग दो फीट दूर थी। मुझे नहीं पता कि उसमें बम था या कुछ और, लेकिन उसमें जोरदार धमाका हुआ।’
15 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, 8 की मौत
लोक नायक जय प्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने एएनआई को बताया लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास विस्फोट के बाद 15 लोगों को लोक नायक अस्पताल लाया गया। उनमें से आठ की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। एक की हालत स्थिर है।
शाम 7:29 बजे आग पर काबू पा लिया गया
दिल्ली के डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एके मलिक ने बताया, ‘हमें सूचना मिली कि चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ है। हमने तुरंत प्रतिक्रिया दी और सात यूनिट मौके पर भेजी गईं। शाम 7:29 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसमें लोगों के हताहत होने की आशंका है। हमारी सभी टीमें मौके पर मौजूद हैं।
लाल किला जाने वाली सड़क बंद की गई
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए एक कार विस्फोट के बाद लाल किला जाने वाली सड़क बंद कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने लाल किला के गेट नंबर 1 और 4 पर प्रवेश व निकास प्रतिबंधित कर दिया है। हालांकि, पूरे नेटवर्क में मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं।
चश्मदीद बोला- जोरदार धमाके की आवाज आई
धमाके के एक चश्मदीद ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘तगड़े धमाके की आवाज आई, उसके बाद चारों तरफ लाशें ही लाशें और बॉडी ही बॉडी पड़ी हैं। चार-पांच गाड़ियों पर धमाके आ असर हुआ और उनमें आग लग गई।’
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






