बिलासपुर: दुकानदार ने आबकारी टीम पर जबरन वसूली और मारपीट का लगाया आरोप
बिलासपुर: दुकानदार ने आबकारी टीम पर जबरन वसूली और मारपीट का लगाया आरोप
दुकानदार ने आबकारी टीम पर जबरन वसूली और मारपीट का लगाया आरोप
बेटी को गाड़ी में बैठाकर जंगल में ले जाकर पीटा – पीड़ित ने दी सीसीटीवी फुटेज, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किराना दुकानदार ने आबकारी विभाग की टीम पर जबरन वसूली, धमकी और नाबालिग बेटी के साथ मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि टीम ने उसे शराब केस में फंसाने की धमकी दी और ₹20 हजार की मांग की, पैसा न देने पर दुकान के गल्ले से ₹15 हजार निकाल लिए।
शिकायत के अनुसार, ग्राम भड़हा रेलहा निवासी पदुम बर्मन ने बताया कि 5 नवंबर की शाम करीब 5 बजे सफेद रंग की गाड़ी (CG 08 UA 0828) में आबकारी विभाग की टीम उसकी दुकान पर पहुंची। टीम में छह लोग थे, जिनमें एक वर्दीधारी महिला भी शामिल थी।
दुकानदार का आरोप है कि टीम ने बिना अनुमति के घर और दुकान में प्रवेश कर शराब बेचने का आरोप लगाकर गाली-गलौज की, जबकि उसने साफ कहा कि वह केवल किराना व्यवसाय करता है। इसके बाद टीम के सदस्यों ने ₹20 हजार की रिश्वत मांगी और पैसा न देने पर केस दर्ज करने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि टीम ने उसकी 13 साल की बेटी को जबरन गाड़ी में बैठाकर दो किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर मारपीट की, जिसके बाद वह बदहवास हालत में घर लौटी और घटना की जानकारी दी। परिवार ने तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई, साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा, जिसमें लड़की को गाड़ी में बैठाते हुए देखा जा सकता है।
वहीं, आबकारी विभाग के अधिकारियों ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ग्राम में किराना दुकान की आड़ में अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिली थी, जिसके बाद टीम जांच के लिए गई थी। विभाग का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद और जांच से बचने के लिए रचे गए हैं।
पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने पुष्टि की कि शिकायत दर्ज की गई है और मामले में आबकारी विभाग की टीम को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि “सभी तथ्यों की जांच की जा रही है, सीसीटीवी वीडियो की भी जांच की जाएगी, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।”