रायपुर: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मिलेट्स क्वीन लहरी बाई बैगा को किया सम्मानित

छत्तीसगढ़ November 7, 2025 • रिपोर्टर: raigarh top news
रायपुर: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मिलेट्स क्वीन लहरी बाई बैगा को किया सम्मानित

रायपुर: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मिलेट्स क्वीन लहरी बाई बैगा को किया सम्मानित

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर कृषि विभाग द्वारा आयोजित मिलेट्स थीम आधारित स्टॉल का अवलोकन करने उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा स्टॉल पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनी में पारंपरिक मोटे अनाजों, प्रसंस्कृत उत्पादों और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर विभाग के प्रयासों की सराहना की।

प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण भारत की मिलेट्स क्वीन लहरी बाई बैगा रहीं। लहरी बाई डिंडोरी जिले के ग्राम सीलपीडी की निवासी हैं और पिछले कई वर्षों से 150 से अधिक प्रकार के मोटे अनाजों का संरक्षण कर रही हैं। वे ‘मिलेट बैंक’ का संचालन करती हैं और देशभर में मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा दे रही हैं।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने उनके समर्पण और पारंपरिक ज्ञान से प्रभावित होकर उन्हें साड़ियाँ एवं 1,100 रुपए की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि लहरी बाई जैसी महिलाएँ प्रदेश और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने मोटे अनाजों की परंपरा को पुनर्जीवित किया और पोषण के क्षेत्र में मिसाल कायम की।

कृषि विभाग के स्टॉल में कोदो, कुटकी, रागी, कंगनी, हरी कंगनी जैसे मोटे अनाजों से बने प्रसंस्कृत उत्पाद और पोहा का प्रदर्शन एवं विक्रय कृषक कल्याण समिति, धवईपानी द्वारा किया गया। साथ ही, स्टॉल में मिलेट्स की उन्नत तकनीकों, प्रसंस्करण यंत्रों और कृषि उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार मिलेट्स मिशन के तहत किसानों को सशक्त बनाने और परंपरागत फसलों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने मिलेट्स को भविष्य का अनाज बताते हुए किसानों को इससे जुड़ने का आग्रह किया। कृषि विभाग ने बताया कि उनका उद्देश्य मोटे अनाज से सशक्त किसान और स्वस्थ समाज की अवधारणा को साकार करना है। राज्योत्सव में लगाए गए इस स्टॉल ने लोगों को मिलेट्स की विविधता, पोषण मूल्य और आर्थिक महत्व से अवगत कराया और स्थानीय किसानों तथा युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।

खबर शेयर करें: