छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने तीजन बाई और विनोद कुमार शुक्ल से की बातचीत
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने तीजन बाई और विनोद कुमार शुक्ल से की बातचीत
नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य के कला-साहित्य जगत के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों से बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी ने पद्म विभूषण तीजन बाई के परिवार से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। तीजन बाई, जो पंडवानी कला की माहिर हैं, ने छत्तीसगढ़ की लोककला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और पूरे देश की लोकसंस्कृति को गौरवान्वित किया। प्रधानमंत्री ने उनके प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनकी शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
साथ ही, पीएम मोदी ने सुप्रसिद्ध लेखक विनोद कुमार शुक्ल से भी बातचीत की और उनके स्वास्थ्य तथा कुशलक्षेम की जानकारी ली। मोदी ने कहा कि ऐसे रचनाकार देश की सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाते हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर छत्तीसगढ़वासियों को राज्य की 25वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए लिखा:
“छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए मानदंड गढ़ने में जुटा है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे यहां के कई इलाके आज विकास की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि यहां के मेहनती और हुनरमंद लोगों की लगन और उद्यम से हमारा यह राज्य विकसित भारत के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।”
प्रधानमंत्री का यह स्नेहपूर्ण संदेश छत्तीसगढ़ के मेहनती और हुनरमंद लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है।