पीएम मोदी ने डॉ. रमन सिंह की तारीफ की, कहा– सच्चा कार्यकर्ता लोकतंत्र को मजबूत बनाता है
पीएम मोदी ने डॉ. रमन सिंह की तारीफ की, कहा– सच्चा कार्यकर्ता लोकतंत्र को मजबूत बनाता है
नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा भवन के भव्य उद्घाटन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की खुलेआम प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि एक सच्चा कार्यकर्ता अपने परिश्रम और समर्पण से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कितनी मजबूती दे सकता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “रमन सिंह इस बात का बहुत बड़ा उदाहरण हैं कि एक कार्यकर्ता अपने परिश्रम और समर्पण भाव से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कितना सशक्त बना सकता है।” उन्होंने यह भी जोड़ते हुए कहा कि राजनीति में अक्सर यह कम देखने को मिलता है कि कोई नेता पद पर रहते हुए भी सक्रिय और समर्पित बना रहे।
हल्के-फुल्के अंदाज में क्रिकेट का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा, “क्रिकेट में हम देखते हैं कि कप्तान खेलते हैं। लेकिन राजनीति में ऐसा कम होता है। डॉ. रमन सिंह को देखकर प्रेरणा मिलती है। वे हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा हैं।”