PM मोदी ने तीजन बाई के स्वास्थ्य की ली जानकारी, सत्य साईं अस्पताल में बच्चों से की मुलाकात
PM मोदी ने तीजन बाई के स्वास्थ्य की ली जानकारी, सत्य साईं अस्पताल में बच्चों से की मुलाकात
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य की प्रसिद्ध लोककला कलाकार पद्म विभूषण तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने तीजन बाई के परिवार से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रख्यात लेखक और पद्म भूषण सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल को भी फोन कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी ली।
नवा रायपुर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सत्य साईं अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने 2,500 बच्चों से आत्मीय संवाद किया। ये बच्चे वे हैं जिनकी हार्ट सर्जरी इसी अस्पताल में हुई है। बच्चों से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्रह्मकुमारी संस्थान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 10:45 से 11:30 बजे तक चलने वाले इस आयोजन में वे आध्यात्मिकता, सकारात्मक सोच और समाज सेवा से जुड़े संदेश देंगे।
दोपहर में प्रधानमंत्री राज्य की गौरवमयी पहचान बनने वाले नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे नवा रायपुर की आधुनिक छवि को और सशक्त करने वाले ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन भी करेंगे, जो छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और परंपरा को नई पहचान देगा।
शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ पर जनता को संबोधित करेंगे। उम्मीद है कि इस अवसर पर वे राज्य के लिए कई नई विकास परियोजनाओं की घोषणा भी कर सकते हैं।
पूरा नवा रायपुर आज मोदीमय है। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं, वहीं जनता में अपने प्रधानमंत्री को देखने का उत्साह चरम पर है। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद शाम 4:25 बजे प्रधानमंत्री मोदी रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।