CG News: बच्चों को आवारा कुत्ते का जूठा खाना परोसने पर स्व सहायता समूह को हटाया गया, सभी का वैक्सीनेशन भी कराया गया

रायपुर, 2 अगस्त 2025/ बलौदा बाजार जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में बच्चों को जूठा भोजन परोसने वाले महिला स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन के काम से हटा दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
28 जुलाई 2025 को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लच्छनपुर में मध्यान्ह भोजन के लिए बनाई गई सब्जी को एक आवारा कुत्ते ने जूठा कर दिया था। बच्चों ने इसकी जानकारी शिक्षकों को दी और उनसे यह भोजन न परोसने का आग्रह किया। इसके बावजूद, जय लक्ष्मी स्व सहायता समूह ने वही जूठी सब्जी बच्चों को परोस दी।
इस गंभीर शिकायत के बाद, एसडीएम पलारी ने एक जांच टीम गठित की। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि समूह ने बच्चों को जूठा खाना परोसा था। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए, समूह को मध्यान्ह भोजन के संचालन से हटा दिया गया है।
आगे की कार्रवाई
बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, सभी का एहतियातन वैक्सीनेशन भी कराया गया है। फिलहाल, मध्यान्ह भोजन का संचालन अस्थायी रूप से स्कूल के प्रधान पाठक को सौंपा गया है। इसके साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक और संकुल समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है।






