छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अगले पांच दिनों झमाझम बारिश के आसार, जानें आपके शहर में मौसम का हाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों अनेक हिस्सों में मध्यम बारिश हो रही है। अगले पांच दिनों तक बस्तर संभाग के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार हैं। इस बीच सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में इन दिनों अनेक हिस्सों में मध्यम बारिश हो रही है। अगले पांच दिनों तक बस्तर संभाग के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के आसार हैं। इस बीच सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं धूप और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। आज शनिवार को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बारिश के आसार है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। इसके उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और पूर्वी राजस्थान से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ने और अगले 24 घंटे के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होकर एक सुस्पष्ट निनम दबाव का क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। दूसरी ओर मानसून द्रोणिका औसत समुद्र तल पर राजस्थान से डाल्टनगंज होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी जा रही है।
मौसम एक्सपर्ट ने बताया कि आज शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही एक दो जगहों पर भारी बारिश के साथ मेघगर्जन की संभावना है। अगले 5 दिन तक बस्तर संभाग के कई हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
शुक्रवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में रहा। यहां 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। बारिश की गतिविधियों में कमी आने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि आगामी दिनों में फिर से पूरे प्रदेशभर में झमाझम बारिश होने के आसार हैं। राजधानी रायपुर में आज मौसम आकाश आंशिक मेघमय रहने की संभावना है। साथ ही बूंदाबांदी हो सकती है।