कर्मा,ढोल,धमाल और गाजे-बाजे के साथ निकली बाबा श्याम की निशान यात्रा हजारों प्रेमी हुए शामिल
कल रेड क्वीन में कृतार्थ कीर्तन का आयोजन जाने-माने भजन गायक कन्हैया मित्तल करेंगे शिरकत
रायगढ़ 20 फरवरी : फागुन माह में युवा श्याम प्रेमियों की संस्था श्री श्याम सरकार द्वारा नगर में गुरुवार को भव्य निशान यात्रा निकाली गई। निशान यात्रा में बड़ी संख्या में श्यामप्रेमी शामिल हुए। स्थानीय गांधी गंज से सुबह 10:00 बजे निशान यात्रा प्रारंभ हुई जो नगर के मुख्य मार्गो जैसे श्याम टॉकीज चौक,एमजी रोड,रामनिवास टॉकीज चौक,सिल्वर पैलेस रोड, गौरीशंकर मंदिर चौक, पुत्री साल पैलेस रोड, लाल बिल्डिंग रोड, हटरी चौक से सुभाष चौक होती हुई संजय कंपलेक्स श्याम मंदिर पहुंची। श्याम मंदिर में बाबा श्याम को निशाना अर्पित किया गया। मंदिर में श्री श्याम मंडल यात्रा का स्वागत किया। यात्रा में हजार से 1200 निशान उठाए गए।





कृतार्थ के दो दिवसीय आयोजन में प्रथम दिन निशान यात्रा में बड़ी संख्या मे श्यामप्रेमी महिलाओं ,युवतियों और युवाओ ने हिस्सा लिया। सर्वप्रथम गांधी गंज राम मंदिर में विधिवत निशान की पूजा अर्चना की गई इसके बाद भक्तों को निशाना वितरित किए गए। यात्रा में सभी श्याम प्रेमी झूमते नजर आए एवं रंग गुलाल खेल कर फाल्गुन उत्सव मनाया। हाथों में रंग बिरंगे निशान लिए गुलाल के रंगों की छटा में श्याम भक्त बहुत ही मनमोहक और आकर्षक लग रहे थे। जगह-जगह शोभा यात्रा का स्वागत हुआ पुष्प वर्षा की गई। कर्मा, ढोल धमाल, डीजे, रंग-गुलाल, पुष्प वर्षा आदि रहे यात्रा में मुख्य आकर्षण। भगवान कृष्ण की मनमोहक प्रतिमा को फूलों से सजी घोड़ा गाड़ी में रखा गया था। जो यात्रा में साथ-साथ चल रही थी।नगर वासी आरती की थाल लिए पूजा अर्चना कर रहे थे।
लाइव रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र
इस बार निशान यात्रा में एक नई चीज देखने को मिली। यात्रा के आगे-आगे रायपुर से आए कुछ कलाकार हर चौक चौराहे में तत्काल रंगोली बना रहे थे जो बहुत ही खूबसूरत थी। तुरंत तुरंत बड़ी और आकर्षक रंगोली देखकर सभी मंत्रमुक्त हो रहे थे। इस लाइफ रंगोली के लिए सभी ने आयोजकों की सराहना की। यह चीज रायगढ़ में प्रथम बार देखने को मिली।
कलेक्टर कार्तिकेय गोयल भी निशान यात्रा में हुए शामिल
रायगढ़ जिला कलेक्टर कार्तिकेय गोयल भी गुरुवार को आयोजित निशान यात्रा में श्री श्याम मंदिर में शामिल। श्री गोयल ने इस आयोजन की सराहना करते हुए आयोजन को बधाई दी। उन्होंने बाबा श्याम को प्रणाम करते हुए फूल माला अर्पित की। श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल (लेन्ध्रा) ने उनका श्याम नाम का दुपट्टा पहना कर अभिनंदन किया। महाराज ने तिलक लगाकर उन्हें बाबा का आशीर्वाद रूपी प्रसाद दिया। कलेक्टर साहब ने कहा कि यह बहुत ही अद्भुत धार्मिक आयोजन है और मुझे यहां आकर बहुत अच्छा लगा एवं आयोजकों की प्रशंसा की।
निशान यात्रा का जगह-जगह किया गया स्वागत
यात्रा में भक्तों ने जगह-जगह निशान यात्रा का स्वागत किया। जिसमें श्याम टाकीज की चौक में मिथुन अग्रवाल (आलू वाले), रामनिवास टॉकीज चौक में पूर्व सभापति व पार्षद सुरेश गोयल, गौरी शंकर मंदिर चौक में अधीश रतेरिया ने यात्रा में आए प्रेमियों को सीतल पेय,फ्रूटी,लीची जूस,आइसक्रीम देकर उनका स्वागत किया। हरटी चौक में युवा श्यामप्रेमी प्रकाश निगानिया ने सभी भक्तों का फूलों से स्वागत किया। मार्ग में दिव्य शक्ति प्रमुख कविता बेरीवाल ने सभी को चॉकलेट बाट उनका अभिनंदन किया। इसके साथ ही बहुत सी जगह पर यात्रा का स्वागत सत्कार किया गया।
पुलिस प्रशासन और निगम प्रशासन का रहा भरपूर सहयोग
युवा श्याम प्रेमियों द्वारा आयोजित निशान यात्रा में रायगढ़ जिला पुलिस प्रशासन,ट्रैफिक विभाग और निगम प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला। निगम प्रशासन द्वारा शोभायात्रा मार्ग की सफाई,जल छिड़काव आदि कराया गया एवं यात्रा में पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। महिला पुलिसकर्मी भी यात्रा में शामिल थी। ट्रैफिक की पेट्रोलिंग गाड़ी यात्रा के आगे-आगे चल रही थी जिसे यात्रा मार्ग में कहीं श्रद्धालुओं को दिक्कत नहीं हुई एवं यात्रा सुचारू रूप से चलती रही। आयोजकों ने निगम प्रशासन और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कल होगा रेड क्वीन में भव्य कीर्तन का आयोजन कन्हैया मित्तल के साथ और भी भजन गायक होंगे शामिल
फागुन माह में आयोजित कृतार्थ के इस दो दिवसीय आयोजन में 21 फरवरी शुक्रवार को भव्य कीर्तन का आयोजन किया गया है जो शाम 7:00 बजे स्थानीय रेड क्वीन में होगा। इस कीर्तन के लिए खासतौर पर देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल जी को आमंत्रित किया गया है। उनके साथ ही भजन गायिका विशि अरोड़ा और पारस लाडला भी अपनी प्रस्तुति देंगे। श्री श्याम सरकार के सदस्यों ने नगर वासियों एवं श्याम प्रेमियों से अपील की है कि आप इस कीर्तन में अधिक से अधिक पधारे कीर्तन पूर्णता निशुल्क है एवं किसी प्रकार का कोई पास नहीं है। समय पर आए और अपना स्थान सुनिश्चित करें। हम और आप मिलकर बाबा का गुणगान करेंगे और फागुन उत्सव मनाएंगे।




