Raigarh News: रामलला और राममंदिर का प्रतिरूप होंगे शोभायात्रा का आर्कषण 

0
405

1.25 लाख बाती के दिये से दो बार होगी श्रीराम की आरती

रामनवमी के दिन हर-घर दिया जलाने की अपील











राममय होगा शहर..इस बार शोभायात्रा में क्या होगा खास…पढ़े पूरी खबर

रायगढ़ टॉप न्यूज 15 अप्रैल 2024। 1.25 लाख बाती के दिये से दो बार होगी श्रीराम की आरती रामनवमी के दिन हर-घर दिया जलाने की अपीलरामनवमी के दिन सर्व समाज की श्री राम शोभा यात्रा निकलेगी। दोपहर 3 बजे नटवर स्कूल से प्रारंभ होकर स्टेशन चौक, गांधी प्रतिमा होते हुए रामनिवास टॉकीज, पैलेस रोड, चांदनी चौक से कोतवाली होते रामलीला मैदान में विश्राम करेगी। इस बार रामनवमी शोभायात्रा का दसवां वर्ष है। बीच में कोरोना काल में 2 वर्ष के लिए शोभायात्रा नहीं निकाली गई थी। दसवें संस्करण को भव्य बनाने के लिए श्री रामनवमी आयोजन समिति एक महीने से तैयारी कर रही है। रविवार को को अंतिम बैठक में सभी समाज के लोगों को समिति ने बुलाया था और उनसे राम नवमी के दिन अपने-अपने घरों के बाहर दीपक जलाने की अपील की और सभी ने हामी भरी।

शोभायात्रा के दो दिन पहले आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता रख शोभा यात्रा के बारे में विस्तार से बताया। समिति के सदस्य जयंत ठेठवार ने बताया कि इस बार दुर्ग से लखर बाती के लिए लोगों को बुलाया गया है अर्थात सवा लाख की बाती वाली आरती भगवान श्री राम की उतारी जाएगी। यह आरती रामनवमी के दिन शोभायात्रा शुरू से होने से पहले नटवर स्कूल में और समाप्ति पर रामलीला मैदान में होगी। उससे पहले दोपहर 12 बजे गंज स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

श्री ठेठवार ने बताया कि इस बार शोभायात्रा का आकर्षण का केंद्र श्रीराम मंदिर और रामलला का प्रतिरूप रहेगा जिसे प्रसिद्ध पांचाल जी ने बनाया है। पंजाब से गतका पार्टी बुलाई गई है जो अपने हैरतअंगेज करतब और युद्ध कौशल के लिए मशहूर हैं। महाराष्ट्र से 70 लोगों का तासा दल जिसमें 25 महिलाएं है वो शोभा यात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। 3 बाहुबली हनुमान, शिव और उनके साथ 6 अघोरी, मां काली के साथ अघोरी ग्रुप, आदिवासी नृत्य के साथ संगीत के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र भी होंगे। जिसकी पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा सहमति ले ली गई है।

शोभा यात्रा जिला प्रशासन के नियमों के अनुसार ही संचालित होगी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए 180 समिति के कार्यकर्ता, 90 समूह और हर चौक में समिति के 2 कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। रामलीला मैदान में शोभायात्रा का समापन के साथ ऑर्केस्ट्रा व भंडारे का आयोजन किया गया है। यहां भी प्रभु श्री राम की लखर आरती उतारी जाएगी।
आयोजन समिति के आशीष ताम्रकार ने बताया कि ऑर्केस्ट्रा में स्थानीय कलाकारों द्वारा भक्ति संगीत गाया जाएगा। रामनवमी के दिन पूरा शहर राममय हो जाएगा। शहर के सभी समाज के लोग इस आयोजन से जुड़ते हैं जिसकी ख्याति प्रदेश नहीं देशभर में है।

श्री रामनवमी आयोजन समिति के उमेश अग्रवाल ने कहा कि शोभा यात्रा आयोजन नहीं हिंदू समाज की धार्मिक यात्रा है। जिसमें शहर के लगभग सभी लोग सम्मिलित होते हैं। साल दर साल यह आयोजन और भव्य होता जा रहा है।

प्रेसवार्ता में समिति में पैसे के लेनदेन और समिति गठन के बारे में भी चर्चा हुई। जिस पर समिति की ओर से कहा गया कि आगे से वह अध्यक्ष सचिव जैसे पद सृजित करने का प्रस्ताव समिति के पास रखेंगे। फिलहाल 12 कोर सदस्यी टीम पैसे के लेन देन का हिसाब रखती है। इस दौरान सुरेश गोयल, प्रदीप गर्ग, दीपक पांडेय, जयंत ठेठवार, उमेश अग्रवाल, अरूण कातोरे, राजा शुक्ला, अनिल शुक्ला, आशीष ताम्रकार, गौतम चौधरी, अंशु टुटेजा, प्रवीण द्विवेदी, कुलदीप नरसिंह, आशीष जायसवाल, आशीष यादव, आकाश शर्मा, पूजा चौबे, नरेंद्र ठेठवार, सौरभ नामदेव आदि मौजूद थे।

राममय होगा शहर
बीते 10 साल से रायगढ़ शहर में रामनवमीं की भव्यता और बढ़ गई। सुबह मंदिरों में भंडारे का आयोजन, घरों में कन्या भोज, तालाबों में ज्वारा विसर्जन, दीपदान और फिर दोपहर से रात तक श्री राम जी की शोभायात्रा। इस बार शहर के मुख्य 6 चौक को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। 10 हजार झंडे, 3 लाख तोरण, 15 हजार दुपट्टे, 20 हजार माथा पट्टी को समिति ने बांट दिया है इसके अलावा लोग खुद से साजो समान लेते हैं। रात में हर घर दीपक जलते हैं। शोभा यात्रा की शान पूरे देश में है और इसे देखने के लिए आसपास के जिले से लोग रायगढ़ शहर आते हैं। पूरा शहर इस दिन राम मय हो जाता है।

इस बार शोभायात्रा में खास
श्रीराम मंदिर और रामलला का प्रतिरूप, पंजाब से गतका पार्टी जो अपने हैरतअंगेज करतब और युद्ध कौशल के लिए है मशहूर। महाराष्ट्र से 70 लोगों का तासा दल जिसमें 25 महिलाएं, 3 बाहुबली हनुमान, शिव और उनके साथ 6 अघोरी, मां काली के साथ अघोरी ग्रुप, आदिवासी नृत्य के साथ संगीत के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र। रामलीला मैदान में शोभायात्रा का समापन के साथ ऑर्केस्ट्रा व भंडारे का आयोजन जहां प्रभु श्री राम की लखर आरती उतारी जाएगी।

नहीं है किसी प्रकार का मतभेद
श्री राम शोभा यात्रा आयोजन समिति में आपसी विरोध और कई कार्यकर्ताओं द्वारा आरोप लगाए जाने की बात प्रेसवार्ता में हुई। दो फाड़ और मतभेद जैसी अटकलों पर विराम लगाते हुए आशीष ताम्रकार ने कहा कि दो पोस्टर एक जगह लग गए थे जिसमें टंकण त्रुटि की वजह से शब्द आगे-पीछे हो गए। इसका अनर्थ नहीं निकालें, सभी एक हैं। 50 से अधिक समाज के लोग इस शोभायात्रा में शामिल होते हैं और सभी का सहयोग मिलता है। यह आयोजन सभी का है। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर जयंत ठेठवार ने कहा इतना बड़ा आयोजन है बहुत सारे लोग हैं फिर भी किसी कारणवश किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो यह मेरी जिम्मेदारी है और उन्हें मैं मनाउंगा।















LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here