महतारी वंदन योजना : रायगढ़ जिले की 3 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में पहली किश्त का अंतरण 10 मार्च को

0
290

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महतारी वंदन सम्मेलन से वर्चुअल जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में होंगे शामिल
कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम

रायगढ़ टॉप न्यूज 9 मार्च 2024। महतारी वंदन योजना के तहत 10 मार्च को महिलाओं के खाते में पहली किश्त का अंतरण किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आयोजित कार्यक्रम में सीधे वर्चुअल जुड़कर लोगों को संबोधित करेंगे और हितग्राहियों से बात करेंगे। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर 1 बजे आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल होंगे।











रायगढ़ कलेक्टोरेट के सृजन सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह विकासखण्ड स्तर में नगर पालिका खरसिया, जनपद पंचायत पुसौर, जनपद पंचायत तमनार, जनपद पंचायत घरघोड़ा, जनपद पंचायत धरमजयगढ़ एवं जनपद पंचायत लैलूंगा में कार्यक्रम का आयोजन होगा। महतारी वंदन योजना के तहत जिले की 3 लाख 6 हजार 800 महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहली किश्त का अंतरण किया जाएगा। इससे प्रत्येक माह महिलाओं के खाते में 1000 रूपये आएंगे।


गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रदेश की जनता को दी गई गारंटी को पूरा करते हुए राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 01 मार्च 2024 से नवीन महतारी वंदन योजना लागू की गई है। योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को एक-एक हजार रूपए की मासिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस प्रकार महिलाओं को 12 हजार रूपए वार्षिक प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है और इसके लिए राज्य में महतारी वंदन योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना का उद्देश्य राज्य में महिलाओं के बीच लैंगिक भेदभाव, असमानता और जागरूकता के स्तर का बढ़ावा, महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार करना है। जिले की महिलाएं खुश है कि वो महतारी वंदन योजना से मिली राशि से अपने बच्चों और परिवार की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी कर पाएगी।
3 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में आएगी राशि

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के 7 विकासखण्ड में कुल 3 लाख 6 हजार 800 महिलाओं के खाते में 10 मार्च को प्रथम किश्त की राशि अंतरित की जाएगी। इनमें खरसिया में 43553, लैलूंगा में 37634, रायगढ़ में 73606, तमनार में 27389, धरमजयगढ़ में 59027, घरघोड़ा में 23249 तथा पुसौर विकासखण्ड में 42342 शामिल है।















LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here